बस्तर संभाग में बुधवार शाम तक मिली जानकारी के मुताबिक कुल 73 मरीज मिले। जिनमें सुकमा से 36, कांकेर से 15, बीजापुर से 9, बस्तर से 6, नारायणपुर से 5 और कोंडागांव से 2 मरीज मिलेे। सुकमा में मिले सभी 36 मरीज सीआरपीएफ के जवान हैं। जो छुट्टी से आने के बाद क्वारेंटाइन में थे। इनमें सुकमा में क्वारेंटाइन सीआरपीएफ की सेकंड बटालियन का 1, दोरनापाल में 74 बटालियन के 10, पालोड़ी, वेलकनगुड़ा, किस्टाराम में कैंप में 212 बटालियन के 23 जवान के अलावा दरभागुड़ा में
228 बटालियन के 2 जवान हैं।
इधर बस्तर जिले में मेकॉज के सर्जरी विभाग में काम कर रही स्टाफ नर्स के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद हड़कंप मच गया है। बताया जाता है कि यहां एक मरीज को 10 दिन पहले सर्जिकल वार्ड में भर्ती किया गया था, जिसे रायपुर रेफर किया गया था। रायपुर में वह पॉजिटिव निकला। यह मरीज शहर के बालाजी वार्ड में मेकॉज के एक डॉक्टर के निजी क्लीनिक में भी गया था। इलाके को सील कर दिया गया है। युवक के पॉजिटिव होने की जानकारी मेकॉज प्रबंधन को दो दिन पहले ही मिल चुकी थी। इसके बावजूद सर्जिकल वार्ड को न तो सील किया गया और न ही स्टाफ को क्वारेंटाइन किया गया। कोरोना पॉजिटिव नर्स शहर के पैलेस रोड की रहने वाली है और सेहत बिगड़ने पर उसने अपने दो रिश्तेदार छोटे बच्चों को सेवा के लिए घर बुला लिया था। नर्स के पॉजिटिव निकलने के बाद उसे तो मेडिकल कॉलेज ले जाया गया है, लेकिन अभी बच्चों की जांच होनी बाकी है। इधर अब इस वार्ड में भर्ती मरीज और डिस्चार्ज हो चुके मरीज भी संदेह के दायरे में आ चुके हैं।
स्टाफ का कोरोना टेस्ट तो कराया, लेकिन सभी को भेज दिया घर
इधर मेकॉज के सर्जिकल डिपार्टमेंट के स्टाफ का कोरोना टेस्ट तो करवाया गया, लेकिन उन्हें घर जाने और ड्यूटी करने से नहीं रोका गया। ऐसे में लगातार स्टाफ हॉस्पिटल से घर आना-जाना करते रहे। मेकॉज प्रबंधन का दावा है कि अभी सिर्फ एक ही स्टाफ कोरोना पॉजिटिव निकली है, लेकिन इस वार्ड में काम करने वाले ज्यादातर स्टाफ कई प्रकार की बीमारियों की शिकायत कर रहे हैं। स्टाफ का कहना है कि उन्हें प्रबंधन ने अंधेरे में रखा और पॉजिटिव मरीज के संपर्क में आने के बावजूद उनसे ड्यूटी करवाकर उन्हें घर जाने दिया गया। स्टाफ का यह भी आरोप था कि डिपार्टमेंट के डॉक्टर पहले ही खुद को क्वारेंटाइन कर चुके हैं।
नर्स के घर के इलाके पैलेस रोड को किया सील
मेकॉज की स्टाफ नर्स के पॉजिटिव मिलने के बाद उसके पैलेस रोड स्थित घर के साथ ही आस-पास के इलाके को सील कर दिया गया है। इस दौरान बुधवार की शाम नगर पुलिस अधीक्षक सहित पुलिस बल तैनात कर दिया गया। वहीं घर को सील करने के साथ ही बैरिकेडिंग भी कर दी गई है।
बीजापुर: पंचायत सचिव व 6 जवान संक्रमित
बीजापुर जिले में मिले 9 पॉजिटिव मरीजों में से 6 सीआरपीएफ के जवान तो एक पंचायत सचिव है। संतसपुर ग्राम पंचायत के सचिव के पॉजिटिव मिलने के बाद जनपद कार्यालय को सील करने के साथ ही सैनिटाइजेशन किया गया है। बताया जाता है कि संक्रमित मिले पंचायत सचिव ने जनपद में भी काम किया। ऐसे में इस कार्यालय के साथ ही संतसपुर ग्राम पंचायत भवन को भी सील कर दिया गया है। सभी संक्रमितों को कोविड केयर सेंटर भेज दिया गया है।
बुधवार को डिस्चार्ज किए गए 17 मरीज
बुधवार को मेकॉज के कोविड हॉस्पिटल में भर्ती 17 मरीजों को संक्रमणमुक्त घोषित कर डिस्चार्ज कर दिया गया है। इसके बाद अब यहां एक्टिव मामलों की संख्या 54 हो गई है।
कोंडागांव: एंटीजन किट से पॉजिटिव मिला जवान
कोंडागांव जिले में एंटीजन किट से जांच में आईटीबीपी की 188वीं बटालियन के एक जवान के पाॅजिटिव होने की पुष्टि हुई है। कोंडागांव सीएमएचओ डॉ. टीआर कुंवर ने बताया कि एंटीजन किट से संक्रमित मिले जवान को कोविड केयर सेंटर भेज दिया गया है। लगातार बढ़ रहे मरीजों को देखते हुए जिले में अलर्ट कर दिया गया है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2ZS1fr7
via
Comments
Post a Comment