Skip to main content

बीईओ को शिक्षक से 25 हजार रुपए घूस लेते एसीबी टीम ने रंगेहाथ पकड़ा

वेतन निकालने के नाम पर प्रधान पाठक से 25 हजार की रिश्वत लेते खंड शिक्षा अधिकारी को एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने रंगे हाथों पकड़ा है। बीईओ यह रिश्वत लॉकडाउन के दौरान वेतन निकालने के नाम पर मांग रहा था।
टीम ने आरोपी बीईओ को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ केस दर्ज किया है। सूरजपुर जिले के करंजी स्थित रेलवे कॉलोनी की पूर्व माध्यमिक शाला में तैनात प्रधान पाठक ओम प्रकाश योगी ने बताया कि वह लॉकडाउन के समय का वेतन निकालने गए थे। इसपर सूरजपुर के बीईओ कपूरचंद साहू ने वेतन के आधे 30 हजार रुपए मांगे। इस पर प्रधान पाठक ने मामले की शिकायत एसीबी से की। टीम ने प्रधान पाठक को शिकायत की पुष्टि करने के लिए फिर से बीईओ के पास बात करने भेजा। इस दौरान प्रधान पाठक ने बीईओ से कुछ कम रुपए लेने की बात कही । तो बीईओ ने 25 हजार लेने को तैयार हो गए। शिक्षक ने मंगलवार को रुपए देने के लिए कहा। मंगलवार को एसीबी की टीम तय स्थान अंबेडकर चौराहे के पास स्थित अंबिका पेट्रोल पंप के पास पहुंच गई। एटीएम के पास प्रधान पाठक ने केमिकल लगे 25 हजार के नोट जैसे ही बीईओ को दिए, वैसे ही एसीबी टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई करने वाली टीम में गौरव मंडल, प्रमोद कुमार खेस आदि शामिल रहे। वहीं बीईओ को रिश्वत लेते पकड़े जाने पर शिक्षा विभाग ने भी विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है।
पहले भी शिक्षा विभाग का बाबू घूस लेते पकड़ा गया था
29 जून 2014 को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में तैनात लेखापाल को एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने नौ हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था। आरोपी लेखापाल मुरली प्रसाद चौधरी स्कूल की मान्यता देने के नाम पर रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार हुआ था।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2Dls9yX
via

Comments