Skip to main content

नगर सैनिक बोलीं-24 घंटे ड्यूटी में तलाक तक की धमकी मिलती है

महिला नगर सैनिकों ने 24 घंटे ड्यूटी पर रहने के कारण पति से तलाक की स्थिति बनने की बात कही, तो अन्य सैनिकों ने मानदेय कम मिलने की बात नगर सेना व एसडीआरएफ के संभागीय सेनानी राजेश पांडेय से कही। वे तीन दिवसीय प्रवास के दौरान यहां रामपुर स्थित अग्निशमन व रेस्क्यू स्टेशन का दौरा कर सुरक्षा की जानकारी लेने के बाद एसईसीएल चरचा वेस्ट माइंस पहुंचे।
अपने तीन दिवसीय कोरिया प्रवास के दौरान विभागीय कार्यों की समीक्षा करने के साथ ही नगर सेना व एसडीआरएफ के संभागीय सेनानी पांडेय ने जिलेभर में तैनात महिला व पुरुष नगर सैनिकों का सम्मेलन लिया और उनकी समस्याएं सुनी। सैनिकों ने बताया कि उन्हें साल में 6 महीने जिले से बाहर ड्यूटी पर तैनात किया जाता है। जिसमें कोरबा व कुसमुंडा एसईसीएल में सुरक्षा ड्यूटी, रायपुर में प्रशासनिक ड्यूटी के साथ लॉ एंड आर्डर, वीआईपी व मेला ड्यूटी के कारण बाहर रहना पड़ता है।

गौरतलब है कि 12 हजार 9 सौ रुपए के मानदेय पर बाहर ड्यूटी के दौरान रहने व खाने की व्यवस्था स्वयं के खर्च पर करना पड़ता है। जिससे स्वयं का खर्च व घर चलाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं महिला सैनिकों ने बताया कि उन्हें 24 घंटे छात्रावास में सुरक्षा ड्यूटी पर रहना पड़ता है। बहुत कम समय वे अपने घर और परिवार को दे पाती है, जिसके चलते हमेशा विवाद की स्थिति बनी रहती है। बात कई बार तलाक तक पहुंच जाती है। इसपर संभागीय सेनानी ने सैनिकों को भरोसा दिलाया कि इन परेशानियों की जानकारी जल्द ही उच्च अधिकारियों तक पहुंचाकर समस्या का समाधान करने की कोशिश करेंगे। इसके बाद पांडेय ने एसईसीएल के खान बचाव केंद्र रामपुर का निरीक्षण किया।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3jmI943
via

Comments