कोरोना अब काफी तेज रफ्तार से शहर सहित जिले में पैर पसार रहा है। शहर में तो सामुदायिक संक्रमण की स्थिति बनने लगी है। यही वजह है कि रविवार को एक साथ शहर सहित जिले में 21 कोरोना के केस सामने आए। इनमें से 19 संक्रमित तो शहर में अलग-अलग जगह से मिले हैं।
जिनमें एक मेडिकल काॅलेज अस्पताल की वार्ड आया है। जिले में एक दिन में इतने केस अब तक नहीं मिले थे। इससे पहले 19 जून को एक साथ 18 केस मिले थे जो क्वारेंटाइन सेंटर के थे। ठीक एक महीने बाद अलग-अलग जगह से इससे ज्यादा केस मिले हैं जो चिंता वाली बात है। इससे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। पीड़ितों में फंुदुरडिहारी से 8 केस है। ये सभी यहां पहले कोरोना संक्रमित मिले एक कर्मचारी के संपर्क में आने वाले बताए जा रहे हैं। अन्य दो संक्रमितों में पिता-पुत्र हैं जो लुंड्रा के हैं। अब जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 167 पहुंच गई है। इनमें से 100 एक्टिव केस हैं। जबकि ठीक होकर 67 डिस्चार्ज हो चुके हैं।
सुखद: ठीक हाेकर एक साथ 10 मरीज कोविड केंद्र से डिस्चार्ज
जिले में केस बढ़ रहे हैं तो दूसरी तरफ मरीज ठीक होकर डिस्चार्ज भी हो रहे हैं। रविवार को मेडिकल काॅलेज अस्पताल के कोविड उपचार केंद्र से एक साथ 10 मरीज ठीक होने के बाद डिस्चार्ज किए गए। एक मरीज को रायपुर रेफर किया गया है। जो मरीज डिस्चार्ज किए गए हैं। उनमें से ज्यादातर शहर के हैं। ये पिछले दिनों पाॅजिटिव पाए गए थे।
अंबिकापुर के 6 वार्डों की दुकानें और अन्य प्रतिष्ठान बंद रहेंगे
कलेक्टर संजीव कुमार झा ने नगर निगम अंबिकापुर के वार्ड 26, 27 जोड़ा पीपल से गोदरी बाजार चौंक में 2, वार्ड 5 गोधनपुर में 1, वार्ड 6 महुआपारा में 1, वार्ड 37 सीआर हाईट्स में 1 और वार्ड 16 नावापारा में 1 कोरोना पॉजिटिव केस की पुष्टि होने पर कन्टेनमेंट जोन घोषित किया है। कन्टेमेंट क्षेत्र में सभी दुकानों और अन्य प्रतिष्ठान आगामी आदेश तक पूरी तरह से बंद रहेंगे।
कंटेनमेंट जोन में रात में खुली थी दुकान, संचालक पर केस दर्ज
शहर के सदर रोड स्थित कंटेनमेंट जाने के अंदर रात में व्यवसायी द्वारा दुकान चलाए जाने पर पुलिस ने उसके खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि कोरोना मरीज मिलने से सदर रोड को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। शनिवार की रात पुलिस पेट्रोलिंग कर रही थी। रात होने के बाद इस क्षेत्र में सचिन गुप्ता द्वारा पान की दुकान संचालित की जा रही थी। पुलिस ने सचिन को गिरफ्तार कर केस दर्ज किया है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2CUmeR1
via
Comments
Post a Comment