राजधानी में 22 जुलाई से लॉकडाउन होने के साथ ही एक बार फिर से रायपुर से छत्तीसगढ़ के दूसरे शहरों और राज्य के बाहर जाने के लिए हर दिन 200 से ज्यादा ई-पास के लिए आवेदन मिल रहे हैं। सरकारी दफ्तर बंद होने की वजह से इस बार केवल ऑनलाइन आवेदन ही स्वीकार किए जा रहे हैं। अफसरों का कहना है कि जरूरी काम होने पर ही लोग ई-पास के लिए आवेदन करें। हालांकि अभी इंटर डिस्ट्रिक से ज्यादा इंटरस्टेट पास के लिए सख्ती की जा रही है। रायपुर और बीरगांव निगम की सीमाएं सील होने की वजह से दस्तावेजों के पड़ताल के बाद ही ई-पास जारी किए जा रहे हैं।
पिछली बार अप्रैल-मई में 20 हजार से ज्यादा ई-पास के लिए आवेदन मिले थे। इनमें से जिले से बाहर जाने का कारण ठोस नहीं होने की वजह से 11 हजार से ज्यादा आवेदन निरस्त कर दिए गए थे। इस बार लाॅकडाउन की जानकारी 72 घंटे पहले मिलने की वजह से ई-पास के लिए आवेदन थोड़े कम हैं। ज्यादातर आवेदन मेडिकल इमरजेंसी के लिए ही आ रहे हैं। आउटर की फैक्ट्रियां खुली होने की वजह से उनके कर्मचारियों और आईटी, टेलीकाॅम और इलेक्ट्राॅनिक्स सुविधाएं देने वाली कंपनियों को भी ई-पास जारी किए जा रहे हैं। अंतरजिला ई-पास के लिए जिला प्रशासन के अफसरों को अधिकार दिए गए हैं। अंतरराज्यीय ई-पास के लिए विभागों के प्रमुख सचिवों को जिम्मेदारी दी गई है। रायपुर से दूसरे राज्यों के लिए ई-पास का आवेदन करने के बाद उसकी जांच स्थानीय अफसर करते हैं और अनुमति के लिए मंत्रालय के अफसरों को फारवर्ड किया जा रहा है।
इस तरह से कर सकते हैं ई-पास के लिए आवेदन
लॉकडाउन में फंसे लोग खुद की गाड़ियों से इंटरस्टेट और इंटर डिस्ट्रिक आने-जाने के लिए ई-पास बनवा सकते हैं। अफसरों का कहना है कि आवेदकों को उनकी आपात स्थिति जैसे चिकित्सा संबंधी इलाज, परिवार में किसी सदस्य के निधन आदि होने पर अनुमति दी जा सकती है। ऑनलाइन आवेदन करते समय आवेदकों को व्यक्तिगत विवरण, यात्रा के संबंध में विस्तृत जानकारी जिसमें गाड़ी का नंबर, यात्रा का विवरण, यात्रा का उद्देश्य शामिल आदि की जानकारी देनी होगी। ई-पास एप्लीकेशन गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। एप्लीकेशन डाउनलोड करने के लिए https://ift.tt/2RxD8JO. लिंक पर जाना होगा। इंटर स्टेट ई-पास के लिए वेबसाइट https://ift.tt/3fRVGiD पर जाकर भी आवेदन किया जा सकता है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2CDYQaZ
via
Comments
Post a Comment