Skip to main content

शहर के होटल में क्वारेंटाइन 2 लोग संक्रमित बचेली में 3 और नारायणपुर में 8 मरीज मिले

संभाग में शनिवार को जगदलपुर में 2, दंतेवाड़ा के बचेली में 3 और नारायणपुर जिले में 8 पॉजिटिव मिले हैं। जगदलपुर शहर के बीचों-बीच से शनिवार को 2 कोराेना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। दोनों ही पॉजिटिव मरीज शहर के प्रसिद्ध होटल और एक रिसॉर्टमें बनाए गए पेड क्वारेंटाइन सेंटर में रुके हुए थे। शहर के अंदर और पेड क्वारेंटाइन सेंटर से कोरोना पॉजिटिव मामले के निकलने का यह पहला मौका है।
बताया जा रहा है कि दोनों पेड क्वारेंटाइन सेंटर में रहने वाले युवक रेड जोन से आए थे। अभी इनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद आनन-फानन में इन पेड क्वारेंटाइन सेंटरों को सील करते हुए यहां सैनिटाइजेशन शुरू कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि दोनों युवकों के संबंध में प्रशासन के पास सिर्फ इतनी ही जानकारी थी कि ये रेड जोन से आए हैं और पेड क्वारेंटाइन सेंटर में रुके थे। रिपोर्ट आने के बाद अब इनकी ट्रेवल हिस्ट्री खंगाली जा रही है। इसके साथ ही इस बात का भी पता लगाया जा रहा है कि जगदलपुर आने के बाद ये क्वारेंटाइन होने से पहले कहां-कहां गए थे और किन-किन लोगों से मिले थे।
पेड क्वारेंटाइन सेंटर से मामला सामने आने के बाद एक बड़ी दिक्कत यह है कि पेड क्वारेंटाइन सेंटरों में अभी होटल सिर्फ ठहरने की व्यवस्था दे रहे हैं ऐसे में जो लोग क्वारेंटाइन हो रहे हैं उनके लिए खाने की व्यवस्था उनके घर से ही की जा रही थी। ऐसे में अब अफसर इस बात का भी पता लगा रहे हैं कि दोनों पॉजिटिव मरीजों के लिए खाना कहां से कैसे आता था और खाना कौन लेकर आता था। इधर इसके साथ ही अब मेकॉज में एक्टिव मरीजों की संख्या 71 हो गई है।
इधर बचेली में संक्रमित मिले तीनों जवानचार दिन से आइसोलेशन में थे
बचेली अपोलो अस्पताल में 4 दिन से आइसोलेशन में रखे गए सीआईएसएफ के 3 और जवानों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अब तक बचेली के 17 सीआईएसएफ जवानों व जावंगा से 6 सीआरपीएफ के जवानों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने के बाद दोनों ही इलाकों को प्रशासन ने हाई रिस्क जोन घोषित किया है। जिला पंचायत सीईओ अश्वनी देवांगन ने बताया कि शनिवार को सीआईएसएफ के जिन 3 जवानों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है, उनमें लक्षण दिखाई देने के बाद आइसोलेट कर रखा गया था। ये सभी छुट्टी से लौटे जवान हैं सभी क्वारेंटाइन सेंटर में रखे गए थे, एहतियात बरती जा रही है। दोनों ही जगह 30-40 जवान प्राइमरी कॉन्टेक्ट में आए जवान हैं। एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव ने बताया कि कोरोना के मामले बढ़ने के बाद एहतियात बरती जा रही है। शुरुआत में 43 जवान साथ में थे, उन्हीं में से जवानों की रिपोर्ट पॉजिटिव आ रही है। पूरा इलाका कंटेनमेंट जोन में रखा गया है। बचेली-किरंदुल में बाहर से घूमने आने वालों को रोका जा रहा है।

गर्भवती का हुआ प्रसव लेकिन नवजात की मौत
इधर शहर सीमा से लगे जामगुड़ा से नौ महीने की एक गर्भवती को सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। इसके बाद इसे कोरोना संदिग्ध मानते हुए गुरुवार को मेकॉज के कोविड हॉस्पिटल में भर्ती किया गया था। यहां रात में महिला को प्रसव पीड़ा शुरू हुई और उसने बच्ची को जन्म दिया। बच्ची को बचाया नहीं जा सका है लेकिन मां पूरी तरह से स्वस्थ है। शनिवार को इस महिला की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद इसे आगे के इलाज के लिए प्रसूति वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है।

अब बाहर से आने पर एक महीने तक गश्त पर नहीं जाएंगे जवान, 28 रहेंगे क्वारेंटाइन
इधर दंतेवाड़ा जिले में लगातार जवानों के पॉजिटिव आने के बाद बाहर से आने वाले जवानों के लिए नई गाइडलाइन बनाई गई है। इस गाइडलाइन में अब बाहर से आने वाले जवानों को 14 नहीं बल्कि 28 दिन तक क्वारेंटाइन रहना होगा। यहीं नहीं क्वारेंटाइन पूरा करने के बाद इन्हें एक महीने तक गश्त पर नहीं भेजा जाएगा। इसके अलावा कैंप लौटने के बाद भी इन्हें अलग बैरक में रखा जायेगा।

दंतेवाड़ा में इन बटालियन के जवान हुए संक्रमित

  • 17सीआईएसएफ
  • 6सीआरपीएफ 231 बटालियन
  • 11 सीआरपीएफ 199 बटालियन


Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Quarantine 2 people in city hotel, 3 in Bacheli infected and 8 patients found in Narayanpur


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2ZCB9qT
via

Comments