रुपेश साहू | शहर के ऐतिहासिक महत्व वाले नरहरदेव स्कूल में इस सत्र से अंग्रेजी मीडियम की पढ़ाई शुरू हो रही है। यहां पढ़ने तथा पढ़ाने दोनों के लिए आवेदन अलग अलग मंगाए गए। पढ़ने के लिए पहले मंगाए गए छात्रों के आवेदन में 900 सीटों के लिए दो हजार आवेदन आए। इसके बाद यहां पढ़ाने कुल 56 पदों के लिए आवेदन बुलाए गए तो बोरों में भर भर कर आवेदन आने लगे। अभी भी आवेदन करने एक दिन का समय शेष है और 9902 आवेदन पहुंच चुके हैं। 21 तथा 22 जुलाई दो दिन के आवेदन को मिलाएंगे तो उनकी संख्या 15 हजार तक पहुंच सकती है। पढ़ाने के लिए भारी संख्या में आ रहे आवेदनों को देखकर जिले में शिक्षित बेरोजगारों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
अंग्रेजी मीडियम स्कूल नरहरदेव में पढ़ाने व अन्य पदों के लिए आवेदन करने अब भी पोस्ट ऑफिस में लंबी लाइन लगी हुई है। प्रदेश सरकार ने अंग्रेजी की बेहतर शिक्षा के लिए सभी जिलों में एक अंग्रेजी मीडियम स्कूल शुरू करने का निर्णय लिया है। जिले के किसी एक स्कूल का चयन कर उसे उत्कृष्ट अंग्रेजी मीडियम स्कूल बनाया जा रहा है। इसके तहत कांकेर जिले में नरहरदेव स्कूल का चयन उत्कृष्ट अंग्रेजी मीडियम स्कूल के लिए किया गया। यहां नए छात्रों के अलावा नए स्टाफ की भर्ती के लिए आवेदन मंगाए गए। स्कूल प्रशासन ने इनकी छंटनी करते हुए कक्षा पहली से बारहवीं तक 855 छात्रों की चयन सूची जारी कर दी है। इसके बाद यहां पढ़ाने के लिए कुल 56 पदों के लिए 7 जुलाई से बुलाए गए आवेदन रोज सैकड़ों की संख्या में पहुंच रहे हैं। 21 जुलाई की सुबह तक स्कूल को 9902 आवेदन प्राप्त हो चुके थे और अभी भी आवेदनों के आने का सिलसिला जारी है। 22 जुलाई की शाम तक स्कूल को पूरे आवेदन प्राप्त हो जाएंगे। इसके बाद आवेदनों का स्पष्ट आंकड़ा सामने आ जाएगा।
भृत्य, चौकीदार के लिए सबसे ज्यादा दावेदार
अब तक स्कूल को जो आवेदन प्राप्त हुए हैं उसकी छंटनी भी शुरू कर दी गई है जिसमें 60 से अधिक कर्मचारी जुटे हैं। 20 जुलाई तक मिले आवेदनों की छंटनी में सबसे ज्यादा भृत्य, चौकीदार व अंशकालीन स्वीपर के लिए आवेदन आए हैं। छंटनी कार्य जारी होने के कारण इन पदों के लिए कुल कितने आवेदन आए हैं यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।
हिंदी माध्यम श्रेणी के फॉर्म सबसे ज्यादा
अंग्रेजी मीडियम स्कूल के लिए अंग्रेजी मीडियम के शिक्षकों के अलावा कुछ विषयों के लिए हिंदी माध्यम को भी आमंत्रित किया गया है। शिक्षकीय पदों के लिए आवेदनों में अंग्रेजी मीडियम के शिक्षक पद से कहीं ज्यादा हिंदी माध्यम के शिक्षक पद के लिए आवेदनों का तांता लगा हुआ है। अपेक्षाकृत अंग्रेजी मीडियम के लिए आवेदन कम आ रहे हैं।
25 जुलाई तक जारी हो सकती है सूची
स्कूल को मिल रहे आवेदनों की छंटाई कर टैली के माध्यम से कंप्युटर में दर्ज किया जा रहा है। विभाग की कोशिश है 25 जुलाई तक आवेदनों की छंटनी कर पात्र अपात्र सूची जारी कर दी जाए। जिस संख्या में आवेदन आ रहे हैं उससे 25 जुलाई तक यह कार्य पूर्ण होना संभव नहीं है। स्कूल प्रबंधन के अनुसार यदि आवेदन और ज्यादा आ गए तो सूची जारी करने में दो तीन दिन का और समय लग सकता है। इसके बाद स्कूल में सूची चस्पा कर दावा आपत्ति की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद इंटरव्यू के लिए कॉल किया जाएगा। 5 अगस्त से वर्चुअल क्लास शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।
मेरिट के आधार पर जारी होगी पात्रों की सूची
उत्कृष्ट अंग्रेजी मीडियम नरहरदेव स्कूल प्राचार्य रचना श्रीवास्तव ने बताया कि सभी पदों के लिए बड़ी संख्या में आवेदन मिल रहे हैं। 25 जुलाई तक छंटनी कर पात्र अपात्र की सूची जारी करने की कोशिश है। ज्यादा आवेदनों के चलते इसमें समय भी लग सकता है। सूची मेरिट के अधार पर जारी होगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3fVOvFO
via
Comments
Post a Comment