Skip to main content

बिलासपुर में 114 मिमी बारिश, 10 साल का रिकाॅर्ड टूटा

सावन का पहला हफ्ता अच्छा बीता। दो दिनों से रुक रुककर हो रही बारिश से वातावरण में रविवार को ठंडक महसूस हुई। दो दिन पहले तक बारिश नहीं होेने के कारण तेज धूप का अहसास हो रहा था। मानसून समय से पहले आने का असर यह रहा है कि अब तक पिछले साल की तुलना में 36.9 मिलीमीटर बारिश अधिक हो चुकी है। अभी तक की औसत बारिश 114.1 मिलीमीटर दर्ज की गई है, जाे पिछले 10 साल की औसत बारिश से अधिक है।

रविवार को जिस तरह से मौसम की स्थिति बनी हुई है उससे सोमवार को पूरे प्रदेश में वर्षा की संभावना है। वहीं एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। इस बार न सिर्फ जून में बल्कि जुलाई में भी अब तक अच्छी बारिश हो रही है। जून महीने में शहर में 200 मिलीमीटर से अधिक बारिश हो चुकी थी जबकि अब तक शहर में 240 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की जा चुकी है। वहीं बिलासपुर जिले में रविवार को 11 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

इसी तरह जुलाई महीने में अब तक जिले में 297.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है जबकि पिछले साल यह आंकड़ा 261.0 मिलीमीटर था। बिलासपुर में बारिश की वजह से अधिकतम तापमान 28.8 और न्यूनतम 25.0 रिकॉर्ड किया गया। वहीं प्रदेश भर में सबसे ज्यादा गर्म राजनांदगांव रहा, यहां अधिक तापमान 34.8 दर्ज किया गया। इसके अलावा पेंड्रा जिले में भी अच्छी बारिश की वजह से तापमान में कमी आई है। मौसम विभाग के अनुसार एक चक्रीय चक्रवाती घेरा पूर्वी बिहार और उसके आसपास 3.1 किलोमीटर और 7.6 किलोमीटर ऊंचाई पर स्थित है। इसके प्रभाव से प्रदेश के अनेक स्थानों पर आज हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।
बीते वर्ष अच्छी वर्षा होने के कारण जिले के बांधों में पहले से काफी पानी भरा हुआ था, इसलिए इस बार महीने भर की बारिश से बांध लबालब होने की स्थिति में आ चुके हैं। फरवरी में खूंटाघाट बांध में 80 फीसदी जल का भराव था। कमांड एरिया के 250 तालाबों को भरने तथा सिंचाई के लिए पानी छोड़ने के बाद जल का भराव 60 फीसदी रहा।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
114 mm rain in Bilaspur, 10-year record broken


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2OfflfE
via

Comments