बीएसएफ जवानों के कोरोना पॉजिटिव मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसमें भी लापरवाही के चलते बीएसएफ के जवान ज्यादा संक्रमित हो रहे हैं। बुधवार को आई रिपोर्ट में एक बार फिर अंतागढ़ में बीएसएफ के 10 जवान कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। सभी कोरोना के लक्षण वाले मरीज थे जिनकी जांच में खुलासा हुआ। जिले में अब तक पाए गए कुल 160 कोरोना मरीजों में 101 जवान हैं जिसमें बीसएफ के 97, एसएसबी के 3 तथा एक सेना का जवान शामिल है।
अंतागढ़ विकासखंड के ग्राम पोडगांव स्थित बीएसएफ की 82 बटालियन कैंप में बुधवार को 9 जवान कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इसी 82 बटालियन के टेमरूपानी स्थित कैंप में भी 1 जवान कोरोना पॉजिटिव पाया गया। ये सभी जवान कैंप में बरती गई लापरवाही के कारण ही कोरोना संक्रमित हुए हैं। पोडगांव कैंप में कुछ दिन पूर्व एक जवान कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। इसके बावजदू यहां क्वारेंटाइन के नाम पर जवानों को एक साथ रखा गया था। पूर्व में कोरोना संक्रमित पाया गया जवान पूरे कैंप में घूमते अन्य जवानों के संपर्क में आया था। एक साथ रहने के कारण धीरे धीरे यहां जवानों में कोरोना संक्रमण के लक्षण दिखने लगे थे। सभी जवान सर्दी खांसी बुखार से पीडि़त थे। सूचना जब अंतागढ़ स्वास्थ्य विभाग को मिली तो टीम कैंप पहुंच लक्षण वाले 27 जवानों का मौके पर ही स्वाब सैंपल लेकर रैपिड एंटीजन टेस्ट किया जिसमें 9 जवानों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। कोरोना पॉजिटिव पाए गए जवानों को कैंप में अलग रख क्वारेंटाइन किया गया है।

बीएमओ अंतागढ़ डा अशोक संभाकर ने बताया कि आइसोलेट किए जवान को इस तरह बाहर निकाल अस्पताल लेकर आना गलत है। सूचना मिलने पर हमारी टीम वहां पहुंच जवान की जांच करती। दोबारा ऐसी गलती नहीं करने बीएसएफ को समझाइश दी गई है। टेमरूपानी के जवानों की जांच की जाएगी।
टेमरूपानी के जवानों ने लोगों को खतरे में डाला
बीएसएफ की लापरवाही का खुला नजारा टेमरूपानी के जवानों में दिखा। आम लोग भी खतरे में आ गए। छुट्टी से लौटे जवानों को कैंप में क्वारेंटाइन तो किया गया लेकिन इसकी जानकारी स्वास्थ्य विभाग को नहीं दी गई। इन जवानों में कोई एक जवान के कोरोना संक्रमित होने की आशंका है जिसके संपर्क में आए कुछ जवानों में कोरोना के सर्दी खांसी वाले लक्षण दिखाई देने लगे। क्वारेंटाइन एक जवान को उसके दो साथी जवान इलाज के नाम पर अंतागढ़ अस्पताल ले आए। जवान का लक्षण देख डॉक्टरों ने फीवर क्लिनिक में एंटीजन टेस्ट कराया जिसमें उसे पॉजिटिव पाया गया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2CC8F96
via
Comments
Post a Comment