Skip to main content

जिले में अब 102 केस: रूस से लौटे 4 में से 2 एमबीबीएस छात्र समेत 6 पॉजिटिव मिले, एक का सैंपल दोबारा भेजा

कोरिया जिले में रविवार को 6 नए कोरोना पॉजिटिव केस के साथ आंकड़ा अब 102 तक पहुंच गया है। रविवार को चिरमिरी में 3, बैकुंठपुर में 2 और मनेंद्रगढ़ में 1 पॉजिटिव केस की पुष्टि हुई है।
इनमें रूस से लौटे 4 एमबीबीएस के छात्रों में 2 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनके संपर्क में अन्य होटल में पेड क्वारेंटाइन किए गए युवक का प्राइमरी कांटेक्ट के आधार पर दोबारा सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया है।
22 जुलाई को रूस से रायपुर के रास्ते शहर पहुंचे 4 युवक-युवती होटल में पेड क्वारेंटाइन किए गए थे। इनमें 2 की रिपोर्ट रविवार सुबह पॉजिटिव आई है। रिपोर्ट आते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संक्रमित 20 वर्षीय युवक-युवती को कोविड अस्पताल में भर्ती किया है।

बताया जा रहा है कि चारों छात्र रूस में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे थे। चारों 20 जुलाई को रूस से कोलकाता फ्लाइट से पहुंचे, इसके बाद कोलकाता से रायपुर फ्लाइट से आए हैं। रायपुर से निजी वाहन में यह सभी शहर लौटे थे। इनमें एक छात्र प्रतापपुर से है, जबकि दो पाण्डवपारा के रहने वाले हैं। पटना और सूरजपुर जिले में पेड क्वारेंटाइन की सुविधा नहीं होने से इन्हें यहां क्वारेंटाइन किया गया था।

वहीं शहर की एक छात्रा को रायपुर लेने गए उसके भाई के साथ पेड क्वारेंटाइन में रखा गया है, हालांकि स्वास्थ्य विभाग को इनकी रिपोर्ट अब तक नहीं मिली है। चिरमिरी में ओडिसा के गंजाम जिले से लौटी 23 वर्षीय युवती कोरोना से संक्रमित पाई गई है। वह एक हफ्ते पहले ओडिसा से शहर आई है। वहीं मंगल भवन में ही क्वारेंटाइन एक महिला की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। गोदरीपारा बी टाइप में मिले संक्रमित युवक की पत्नी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं मनेंद्रगढ़ में एक पॉजिटिव केस मिला है। इसी के साथ स्वास्थ्य विभाग ने जिले में अब तक 102 लोगों में संक्रमण की पुष्टि की है, जिनमें 81 को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

कोरोना संक्रमित की चेन में 140 संदिग्ध, भेजा सैंपल
गोदरीपारा बी टाइप में कोरोना पॉजिटिव मिले युवक के संपर्क में आने वाले 140 संदिग्धों के सैंपल अब तक जांच के लिए भिजवाए जा चुके हैं। इनकी रिपोर्ट आनी बाकी है। जिले में अब तक 4 हजार लोगों के सैंपल के जांच के लिए ले जा चुके हैं, जिसमें 102 पॉजिटिव और करीब 3800 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इनमें करीब 200 सैंपल की रिपोर्ट आनी बाकी है।

अब तक 81 लोग हो चुके हैं स्वस्थ, किया गया डिस्चार्ज
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक कोरोना से संक्रमित 81 लोग अब तक स्वस्थ हो चुके हैं। जिले में रविवार के 6 केस को लेकर 21 एक्टिव केस हैं। बैकुंठपुर में कोविड जांच शुरू होने से संक्रमित मरीजों की रिपोर्ट जल्द मिल पा रही है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
102 cases in district


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/300pV0D
via

Comments