Skip to main content

100 बिस्तर का है कोविड अस्पताल सिर्फ दो दिन में ही 48 मरीज भर्ती

अलबेलापारा स्थित मॉडल कालेज बिल्डिंग में संचालित कोविड अस्पताल में शनिवार को 23 और मरीज इलाज के लिए भर्ती किए गए। इसके पूर्व शुक्रवार को यहां 25 मरीज भर्ती किए गए थे। दो दिन में सौ बिस्तर वाले कोविड अस्पताल में शनिवार शाम तब 48 मरीज भर्ती हो चुके हैं। इसमें 46 मरीज पड़ोसी जिले नारायणपुर के तथा दो कांकेर जिले के हैं। अस्पताल में मरीजों के भर्ती किए जाने के बाद से अलबेलापारा वार्डवासियों में अब दहशत दिखने लगी है तथा यहां की सड़कें अब वीरान नजर आने लगीं हैं। उनकी कुछ मांगें भी हैं।
दशहत का आलम यह है कि वार्ड से पीजी कॉलेज मार्ग में पूरी तरह आवाजाही बंद है। अन्य मार्गों में लोग जरूरी होने पर ही आना-जाना कर रहे हैं। अस्पताल तक मरीजों को लाने घड़ी चौक से मुख्यमार्ग होते एंबुलेंस आती है। इस मार्ग में भी अब वार्डवासी आना जाना बंद कर सिविल लाइन कालोनी तालाब मार्ग से आना जाना कर रहे हैं। वार्ड के लोग बड़ी संख्या में कालेज मैदान में मॉर्निंग व इवनिंग वाक के लिए जाते थे जिस पर शुक्रवार से ही पूरी तरह विराम लग चुका है। स्थिति यह है कि इस इलाके की दुकानों में अब ग्राहक भी आने से कतराने लगे हैं। वार्ड में अचानक मास्क पहनने का प्रचलन बढ़ गया है। वार्डवासी मास्क पहनने के साथ बाहर से आने पर स्वयं को सैनिटाइज भी कर रहे हैं। अस्पताल मार्ग में पडऩे वाले एक दुकानदार ने बताया कि ग्राहक नहीं आ रहे हैं। अस्पताल में लगातार एंबुलेंस आने से दशहत बढ़ती जा रही है। कुछ लोग अस्पताल में भोजन व अन्य सामान पहुंचाने आते हैं। हालांकि ये बाहर से ही सामान पहुंचाते हैं लेकिन उनके यहां से वापस जाने के दौरान दुकान आदि में रूकने से संक्रमित होने का डर बना रहता है। प्रशासन को चाहिए कि अलबेलापारा वार्ड के लोग संक्रमित नहीं हों इसके लिए विशेष प्रबंध करे।

अलबेलापारा वार्ड के लोगों ने उठाई मांग
1.अलबेलापारा को नियमित सैनेटाइज किया।
2. मरीजों को बस्ती के बीच के बजाय नेशनल हाईवे से पीजी कॉलेज होते अस्पताल लाया जाए।
3. अस्पताल से वार्ड में आने वाली सड़क को सील किया जाए।

किराएदार तलाशने लगे दूसरा मकान
अलबेलापारा में शहर में सबसे ज्यादा किराए के मकान हैं। इस वार्ड में किराए के मकान देना दूसरा प्रमुख व्यवसाय है। सबसे अधिक छात्रों के अलावा अन्य कंपनी, संस्थान व दुकानों में काम करने वालों के साथ नौकरी पेशा लोग किराए के मकान में रहते हैं। अधिकतर मकान इसी अस्पताल के इर्दगिर्द हैं जिससे यहां के मकानों में किराए से रहने वाले दूसरे वार्डों में अब नए मकान तलाश रहे हैं।

अस्पताल में आई पहली महिला मरीज
शनिवार को नारायणपुर जिले से कुल 22 मरीजों को रेफर करने का आदेश जारी हुआ था लेकिन यहां 23 मरीज लाए गए। एक अतिरिक्त मरीज में 26 वर्षीय युवती शामिल है। इसे शनिवार को अन्य मरीजों के साथ कोविड अस्पताल कांकेर लाया गया। जिले में भर्ती हो रही यह पहली कोरोना मरीज युवती है जो नरायणपुर के गांव रिमाउंड निवासी है। युवती कुछ दिन पूर्व बैंगलोर से नारायणपुर आई थी। क्वारेंटाइन सेंटर में रहने के दौरान पॉजिटिव निकली।

इधर शहर में तोड़े जा रहे हैं सुरक्षा नियम
जिले में कोरोना मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। इसका आंकड़ा 78 पर पहुंच गया है। मरीजों की लगातार संख्या बढ़ने के बावजूद शहर में सुरक्षा नियमों को ठेंगा दिखाया जा रहा है। बाजार में बिना मास्क के लोग भीड़ में जा रहे हैं। बाजार, दुकान व यात्री वाहनों में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं किया जा रहा है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Kovid Hospital is 100 bed, 48 patients admitted in just two days


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2W9Ypvg
via

Comments