एयरपोर्ट थाना क्षेत्र की टोनको बस्ती में सोमवार की रात एक मां-बेटी की एक सिपाही के निर्माणाधीन मकान के बाउंड्रीवाल के चारों ओर लगाए करंट की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई थी। इस मामले में मृत महिला महेश्वरी देवी के पति जतरू राम के फर्द बयान पर एयरपोर्ट थाना में मकान के मालिक सिपाही कृष्णा कुजूर और उसकी शिक्षिका पत्नी मंजू कुजूर के विरुद्ध गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है। हालांकि अभी तक दोनों में से किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हुई है।
इधर, जतरू राम अपनी पत्नी महेश्वरी देवी और बेटी संगीता कुमारी के शवों को रिम्स में पोस्टमार्टम होने के बाद लेकर मंगलवार को ही अपने गांव खूंटी जिले के गरई खटंगा पहुंच गया था। लेकिन ग्रामीणों ने जब शवों को देखा, तो उन्हें शंका हुई कि उनकी मौत कहीं कोरोना संक्रमण से तो नहीं हुई है। जब जतरू राम शवों का अंतिम संस्कार करने की तैयारी करने लगा, तो ग्रामीणों ने इसका विरोध कर दिया। वे मानने के लिए तैयार ही नहीं थे। इसके बाद जतरू रांची आया, फिर एफआईआर की कॉपी लेकर अपने गांव पहुंचा। गांव वालों ने एफआईआर में जब देखा कि दोनों की मौत बिजली का करंट लगने से हुई है, तब दोनों का अंतिम संस्कार बुधवार को किया गया।
इधर, एससी आयोग के अध्यक्ष ने कहा- सजा मिलनी चाहिए
घटना की जानकारी मिलने के बाद बुधवार को झारखंड अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष शिवधारी राम टोनको पहुंचे। घटना स्थल के आसपास रहने वाले लोगों से उन्होंने पूछताछ की। राम ने कहा कि पीड़ित परिवार को आपदा प्रबंधन विभाग से मुआवजा दिलाने का वे प्रयास कर रहे हैं। कहा कि जिस तरह से घर की चहारदीवारी पर जीआई तार लगाकर करंट दिया हुआ था, वह हर तरह से गैर कानूनी है। उनकी मात्र पांच फीट ऊंची बाउंड्री है, कोई भी उस पर हाथ रख सकता है। सोमवार की रात हो ही गई।
वैध अनमीटर्ड कनेक्शन दिया गया है : बिजली निगम
संबंधित एरिया के सहायक विद्युत अभियंता शिवेंद्र कुमार ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र का उपभोक्ता होने के कारण सिपाही कृष्णा कुजूर को अनमीटर्ड उपभोक्ता के तहत विधिवत विद्युत कनेक्शन दिया गया है। उनका मासिक बिजली बिल फिक्स रेट के तहत 253 रुपए आता है। कोई व्यक्ति कनेक्शन लेकर अपने घर में बिजली का कैसे इस्तेमाल करता है, इसकी जिम्मेदारी बिजली निगम की नहीं है।
पुलिस ने कहा... आरोपियों की अब होगी गिरफ्तारी
एयरपोर्ट थाना प्रभारी रमेश गिरि का कहना है कि अब गिरफ्तार किया जाएगा, क्योंकि सिपाही गुमला में है। जतरू राम ने पुलिस को दिए अपने फर्द बयान में बताया है कि मंजू कुजूर और उसके पति कृष्णा कुजूर के निर्माणाधीन अावास की चहारदीवारी के अंदर उसकी पत्नी व बेटी का शव मंगलवार की सुबह मिला था।
चहारदीवारी में जान बूझकर किसी को मारने के इरादे से जीआई तार से घेराबंदी की गई थी, जिसमें करंट दौड़ता रहता है। उसी तार में सटने से उसकी पत्नी और बेटी की मौत हुई है। जतरू राम ने यह भी बयान दिया है कि दोनों ने अपने निर्माणाधीन घर में अवैध रूप से बिजली का कनेक्शन ले रखा था। चहारदीवारी में जब बिजली का करंट दौड़ा रखा था, तो उनको वैधानिक चेतावनी अपने घर के आगे लगानी चाहिए थी। लेकिन ऐसा कुछ नहीं किया गया था।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3ebJasN
via IFTTT
Comments
Post a Comment