राज्यसभा चुनाव के दौरान शुक्रवार को भाजपा विधायक फ्रंटफुट पर थे। शुरू से अंत तक उनका बॉडी लैंग्वेज विजेता की तरह नजर आ रहा था। भारत माता की जयकारा लगाते आए भाजपा विधायक, वोट देने के बाद जय श्रीराम के उदघोष के साथ जाते हुए कहा, पार्टी के पक्ष में पड़ चुके हैं 29 वाेट। सरयू राय की ओर संकेत करते हुए कहा कि 31वां वोट दो बजे बाद आएगा। और हुआ भी ठीक ऐसा ही। निर्दलीय विधायक सरयू राय ढाई बजे विधानसभा पहुंचे और चुनाव का सबसे अंतिम और निर्णायक वोट दीपक प्रकाश के पक्ष में दिया।
सुबह ठीक 10 बजे दो बसों में सवार होकर भाजपा के 26 विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों की फौज सरला-बिरला विश्वविद्यालय से सीधे विधानसभा भवन पहुंची। पार्टी विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी की अगुआई में आए भाजपा विधायकों के साथ पार्टी प्रत्याशी दीपक प्रकाश, प्रदेश महामंत्री सुनील सिंह, उपाध्यक्ष आदित्य साहू, मंत्री सुबोध सिंह गुड्डू आदि थे। इनके पहले भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओमप्रकाश माथुर, राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह, प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास विधानसभा भवन पहुंच चुके थे। सुबह करीब साढ़े नौ बजे भाजपा विधायक ढुल्लू महतो जेल प्रशासन की गाड़ी से विधानसभा आ गए थे। केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व पार्टी अध्यक्ष रवींद्र राय और सांसद समीर उरांव भी बाद में पहुंचे।
जीत के बाद दीपक बोले... पार्टी ने एक सामान्य कार्यकर्ता को बड़ा सम्मान दिया
दीपक प्रकाश ने अपनी जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताया। कहा कि एक सामान्य कार्यकर्ता को अवसर देकर पार्टी ने बड़ा सम्मान दिया है। वह वरिष्ठ नेताओं के सहयोग से पार्टी और सदन दोनों की जिम्मेवारियों पर खरा उतरने की कोशिश करेंगे।
29 वोट के बाद कार्यालय लौटे ओम माथुर व अरुण सिंह
पार्टी प्रत्याशी दीपक प्रकाश के पक्ष में 29 वोट पड़ने के बाद ओमप्रकाश माथुर और अरुण सिंह पार्टी कार्यालय लौट गए। भाजपा के 26, आजसू के दो विधायकों व निर्दलीय अमित यादव ने भाजपा के पक्ष में वोट दिया।
हेमंत सरकार की राजनीतिक साजिश नाकाम : बाबूलाल
भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा हेमंत सरकार की राजनीतिक साजिश नाकाम हुई जबकि लोकतंत्र की जीत हुई है। कांग्रेस के इशारे पर चुनाव में हेमंत सरकार ने सत्ता का दुरुपयोग किया।
उच्च सदन में गूंजेगी झारखंड की आवाज : अर्जुन मुंडा
केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने दीपक प्रकाश को बधाई देते हुए कहा कि प्रकाश परिश्रमी और अनुभवी व्यक्ति हैं। इनके माध्यम से झारखंड की आवाज उच्च सदन में गूंजेगी, जिसका बड़ा लाभ प्रदेश को मिलेगा।
जेपी नड्डा और अमित शाह ने फोन कर दीपक प्रकाश को दी बधाई
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री सौदान सिंह ने फोन कर दीपक प्रकाश को उनकी जीत पर बधाई दी। बधाई देनेवालों में बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिनेशानंद गोस्वामी, रवींद्र राय, आशा लकड़ा, संजीव विजयवर्गीय समेत अन्य शामिल रहे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2V0OCqR
via IFTTT
Comments
Post a Comment