जिले के मेधावी छात्र सौरभ जायसवाल ने भारतीय एयरफोर्स में फ्लाइंग ऑफिसर के पद पर सफलता हासिल की है। सौरभ की इस उपलब्धि पर परिजनों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि इससे जिले व प्रदेश का नाम रोशन होगा। इस पद पर पहुंचने वाले सौरभ जिले के पहले युवा हैं। 20 जून को वायु सेना अध्यक्ष ने फ्लाइंग ऑफिसर के पद पर कमीशन किया।
बता दें कि शहर निवासी राकेश जायसवाल के पुत्र और वरिष्ठ नागरिक संघ के अध्यक्ष शिव शंकर प्रसाद जायसवाल के पौत्र सौरभ जायसवाल ने शहर के ग्लोबल पब्लिक स्कूल से प्राथमिक शिक्षा और जवाहर नवोदय विद्यालय बसदेई से 12वीं तक की पढ़ाई की। इसके बाद देश की सेवा के जज्बे और रुचि के अनुसार उन्होंने भारतीय रक्षा अकादमी पुणे से प्रशिक्षण लेने के लिए 2016 में प्रवेश लिया। पहले ही प्रयास में प्रशिक्षण के लिए चयन होने पर एक साल तक हैदराबाद स्थित वायु सेना अकादमी में पायलट की ट्रेनिंग प्राप्त की और एयरफोर्स में फ्लाइंग ऑफिसर के पद पर सफलता हासिल की। 20 जून को वायु सेना अध्यक्ष आरकेएस भदौरिया की मौजूदगी में उन्हें फ्लाइंग ऑफिसर के पद पर कमीशन प्रदान किया गया।
परिजनों से मिली प्रेरणा और अधिकारियों ने किया सपोर्ट
सौरभ ने बताया कि इस सफलता में मां ज्योत्सना व पिता राकेश जायसवाल समेत परिवार के सभी सदस्यों का योगदान सबसे ज्यादा मिला है। अपने दादा, दादी आदि सभी लोगों ने हर समय उत्साहवर्धन किया। वहीं समय-समय पर गुरुजनों ने आगे का मार्ग प्रशस्त किया। अकादमी में प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों से मिले हर संभव सहयोग से यह मुकाम हासिल हो सका है।
वायु सेना में सौरभ होंगे जिले के पहले ऑफिसर
भारतीय सेना में शामिल होकर सीधे-सीधे राष्ट्र की सेवा से जुड़ना गौरव की बात है। इसमें भी इंडियन एयरफोर्स के लिए युवाओं का क्रेज अधिक रहता है। रोमांच से भरे इस कॅरियर के लिए देशप्रेम का जज्बा होने के साथ ही कठिन परीक्षाओं से गुजरने का जोश और जुनून भी जरूरी है। इसी जज्बे, जोश और जुनून के बल पर सौरभ जायसवाल ने इंडियन एयरफोर्स में फ्लाइंग ऑफिसर बनने का अपना सपना पूरा किया है। यही नहीं सूरजपुर निवासी सौरभ भारतीय वायुसेना में अधिकारी बनने वाले जिले के पहले युवा बन गए हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3gaHn8b
via
Comments
Post a Comment