Skip to main content

इधर-उधर फेंका या घर के पास कचरा मिला तो देना होगा जुर्माना

शहर में महासफाई अभियान सोमवार सुबह शुरू हुआ। पहले दिन विधायक, निगम के सभापति समेत पार्षद भी शामिल हुए। हर रोज तीन वार्डों में सफाई की जानी है। निगम ने इसके लिए रेड, ग्रीन और यलो तीन टीमें बनाई हैं लेकिन गंदगी इतनी थी कि स्वच्छता सैनिक व संसाधन कम पड़ गए। मौके पर तत्काल यलो टीम के सैनिकों को रेड और ग्रीन टीम में बांट दो वार्डों में सफाई अभियान चलाया। इसके बाद भी शाम तक काम पूरा नहीं हो सका। मंगलवार को 10 अतिरिक्त स्वच्छता सैनिक वार्ड में
लगाए जाएंगे।
कलेक्टर ने निगम के इस अभियान का सुबह-शाम निरीक्षण किया। उन्होंने वार्डवासियों से पूछा, क्षेत्र में निगम की गाड़ी सुबह कचरा लेने नियमित आती है या नहीं। उन्होंने कहा कि अब कचरा जिस घर के सामने मिलेगा वही इसके लिए जिम्मेदार होंगे। निगम को उन्होंने समझाइश के बाद पेनाल्टी के निर्देश भी दिए। निगम इसे लेकर वॉल पेटिंग्स और खाली पड़े निजी भूमि पर पेनाल्टी आदि की बात को लेकर बोर्ड लगाने की तैयारी कर रही है। मौके पर कलेक्टर से कुछ लोगों ने जल भराव की समस्या आदि की भी शिकायत की। सुबह विधायक, महापौर, सभापति समेत क्षेत्र के जनप्रतिनिधि भी निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे।
वार्डवासियों ने भास्कर की टीम से कहा
1. पहले हम पैसे देकर कराते थे
प्रियदर्शनी नगर कॉलोनी निवासी साधना जोशी ने बताया, इससे पहले वे पैसे देकर आसपास जमा कचरा और नालियों की सफाई कराते थे। सफाई के दौरान उन्होंने निगम के कर्मचारियों को थोड़ी सफाई के लिए बोला लेकिन वे अपने हिसाब से काम करके चले गए।
2.पहली बार ऐसी सफाई हो रही
वार्ड की गौतमी पटनायक ने बताया कि इससे पहले इस तरह की सफाई वार्ड में कभी नहीं हुई है। उन्होंने पहली बार निगम को इतनी जागरूकता के साथ काम करते हुए देखा है। नालियों की सफाई नहीं होने बदबू और मच्छर से लोगों को राहत मिलेगी।

कलेक्टर के जाते ही निकल लिए रेड टीम के प्रभारी
रेड टीम के प्रभारी उपायुक्त पंकज मित्तल को एक नंबर वार्ड की कमान सोमवार को दी गई थी। सुबह कलेक्टर और आयुक्त के निरीक्षण के दौरान वे मौजूद रहे, लेकिन उनके जाते ही वह स्वास्थ्य अधिकारी व सफाई दरोगा के भरोसे सफाई का काम छोड़ कर निकल लिए, दो नंबर वार्ड के प्रभारी इंजीनियर ऋषि राठौर, स्वास्थ्य अधिकारी भूपेश सिंह व दरोगा राजू पांडेय पूरे दिन मौके पर ही डटे रहे।

हर काम की फोटो ग्रुप में शेयर करनी होगी
वार्डों में सफाई से पहले और बाद में वार्ड के साथ का उल्लेख करते हुए दोनों फोटो कर्मचारियों को स्मार्ट रायगढ़ ग्रुप में शेयर करनी है। जरूरत पड़ने पर इसके लिए निगम के तकनीकी कर्मचारियों की सहायता लेने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही वाहनों की व्यवस्था व ईंधन की व्यवस्था वाहन विभाग को सौंपा गया है।

आज वार्ड नंबर 3 और 4 में चलेगा सफाई अभियान
मंगलवार को वार्ड नंबर 3 और 4 में सफाई अभियान चलाएगा। इसके लिए रेड और ग्रीन टीम के प्रभारी अधिकारी व दरोगा व सुपरवाइजरों की निगरानी में 25-25 स्वच्छता सैनिक जुटेंगे। इस अभियान के दौरान कलेक्टर कभी भी मौका निरीक्षण कर सकते हैं, इसलिए निगम के कर्मचारी काम में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरत रहे हैं।

लोगों को भी होना पड़ेगा जागरूक
"निगम की पूरी टीम शहर को साफ सुथरा और संक्रमण मुक्त बनाने के लिए लगातार मेहनत कर रहा है। निगम के ठेकेदार निशुल्क वाहन की व्यवस्था कर रहे हैं, लेकिन लोगों को भी अब जागरूक होना पड़ेगा। कचरा निगम को दे, यदि वे ऐसा नहीं करते हैं, तो पहली समझाइश के बाद उन्हें सीधे पेनाल्टी किया जाएगा।''
-आशुतोष पांडेय, आयुक्त नगर निगम रायगढ़



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
वार्ड में शुरू हुआ सफाई अभियान।


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/318wQ98
via

Comments