Skip to main content

बल्देवबाग वार्ड की घरेलू महिला कोरोना पॉजिटिव, सामुदायिक संक्रमण का खतरा

लॉकडाउन में थोड़ी छूट मिलने के साथ ही लोगों की लापरवाही भी सामने आ रही है। इस लापरवाही का खतरनाक नतीजा भी सामने आ रहा है। शहर में ही कोरोना सामुदायिक संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। शुक्रवार को बल्देवबाग वार्ड के मिल चाल में रहने वाली एक घरेलू महिला कोरोना पॉजिटिव निकली। महिला की ट्रैवल हिस्ट्री भी नहीं है। पति प्राइवेट कंपनी में कर्मचारी है। महिला पांच दिन पहले बसंतपुर स्थित मेेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में सर्दी-खांसी होने पर इलाज करने पहुंची थी। स्वॉब सैंपल की जांच हुई तो रिपाेर्ट पॉजिटिव आई।
रिपोर्ट मिलते ही स्वास्थ्य अमले ने महिला को कोविड-19 हॉस्पिटल में भर्ती कराया। वहीं परिवार के सदस्यों को होम आइसोलेट कर मोहल्ले को सील कर दिया गया है। इस तरह सामुदायिक संक्रमण का यह तीसरा मामला सामने आने से स्वास्थ्य अमले की नींद उड़ गई। इसके बाद छुरिया क्षेत्र का एक मलेरिया पीड़ित मरीज जो कि घर पर ही रहता था, वह भी कोरोना संक्रमित पाया गया था।
पूरे वार्ड में होगा सर्वे
स्वास्थ्य विभाग की ओर से मिल चाल सहित बल्देवबाग में शनिवार से घर-घर सर्वे कराया जाएगा। इसके लिए टीम बनाई गई है। घरों में दस्तक देकर सर्दी, खांसी सहित सांस लेने में तकलीफ वाले मरीजों की पड़ताल होगी। अगर कोई ऐसे लक्षण के मरीज सामने आते हैं तो उनका तत्काल उपचार होगा और सैंपल जांच के लिए भेजा जाएगा।
रिश्तेदारों का भी लेंगे सैंपल, मोहल्ले में आना-जाना था
मिल चाल की कोरोना पॉजिटिव महिला का पड़ोस में रिश्तेदारों के घर पर भी आना-जाना था। डॉक्टरों ने पूछताछ की तो पता चला कि आसपास में इनके 16-17 लोगों का परिवार हैं। रिश्तेदारी के चलते महिला आती-जाती थी। इसलिए संक्रमण की आशंका से सभी का सैंपल लिया जाएगा। रिश्तेदारों को भी होम आइसोलेट करा दिया गया है। महिला की दूसरी जगह की ट्रैवल हिस्ट्री सामने नहीं आ रही है।
बाजार आना-जाना था
मिलचाल निवासी महिला की ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है। वह घर पर ही रहती थी। केवल सब्जी खरीदी करने के लिए बाजार आना-जाना था। जबकि पति एक निजी कंपनी में कर्मचारी हैं। महिला का एक पुत्र मोबाइल शॉप में काम करता है। इन दोनों का ही बाहर आना-जाना है। कोरोना की पुष्टि के बाद पूरे परिवार को होम आइसोलेट किया गया है। प्रशासन की ओर से पूरे एरिया को कंटेनमेंट एरिया घोषित कर दिया है। परिवार के सदस्यों की सैंपल जांच के लिए भेजा गया है।
पहले भी आए मामले
शंकरपुर में सामने आए केस में भी सामुदायिक संक्रमण की आशंका जताई गई थी। इसके पहले भी एक महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई थी, जिसकी ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है। बड़ी बात यह है कि इनके परिजनों की सैंपल रिपेार्ट निगेटिव आने से स्वास्थ्य अमला भी समझ नहीं पा रहा है कि आखिर ये संक्रमित कैसे हुए।
जानिए, आखिर क्या है सामुदायिक संक्रमण
विश्व स्वास्थ्य संगठन के मुताबिक सामुदायिक संक्रमण उस स्थिति को कहते हैं जब संक्रमण के अधिकतर मामलों का स्रोत अज्ञात होता है। सरकार के मुताबिक भारत में अभी तक कोरोना वायरस के सामुदायिक प्रसार की स्थिति नहीं आई है। हालांकि बिना हिस्ट्री के संक्रमितों के सामने आने की वजह से प्रशासन की ओर से लोगों को लगातार समझाइश जारी की जा रही है कि सामाजिक दूरी का पालन करें।

इधर पांच की घर वापसी
कोविड-19 हॉस्पिटल में भर्ती पांच कोरोना संक्रमितों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। राजनांदगांव से एक, कबीरधाम से 3 और बालोद जिले के 3 संक्रमितों का सैंपल तीसरी बार एम्स भेजा गया था। रिपोर्ट निगेटिव अाने पर इन्हें छुट्टी दे दी गई। सीएमएचओ डॉ.मिथलेश चौधरी ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव की ट्रैवल हिस्ट्री का पता लगा रहे हैं। इसके बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि महिला कहां से संक्रमित हुई है। परिवार को होम आइसोलेट कर दिया गया है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
संक्रमित महिलो को कोविड-19 अस्पताल में भर्ती कराया गया।


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2YyJxax
via

Comments