Skip to main content

कब्जा हटवाने गए रेलवे इंजीनियर से मारपीट

शहर के राजीव गांधी वार्ड में रेलवे कॉलोनी के किनारे गांधी मार्ग के पास रेलवे के कुछ क्वार्टर बने हुए हैं। ये खंडहर हो गए हैं। इन खंडहरनुमा मकानों में कुछ मजदूर रहते हैं। शनिवार को यहां से कब्जा हटवाने के दौरान जमकर बवाल हुआ। हालात ऐसे बने कि उग्र भीड़ ने रेलवे के एक इंजीनियर की पिटाई कर दी। इसके बाद मामला बोधघाट थाने पहुंचा और अब पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस को जो शिकायत मिली है उसमें रेलवे के अधिकारियों ने कहा कि वे रेलवे की संपत्ति जो कब्जे में थी उसे खाली करवाने गए थे। इस दौरान भीड़ ने एक इंजीनियर की पिटाई कर दी। इधर यहां रहने वाले लोगों का कहना है कि रेलवे के कर्मचारी जो मकान खाली करवाने आए थे वे महिलाओं से बदसलूकी करते हुए धक्का मुक्की कर रहे थे। ऐसे में भीड़ ने इसके विरोध में अफसरों से धक्का-मुक्की की है। बोधघाट थाना प्रभारी राजेश मरई ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से शिकायत मिली है और मामले की जांच की जा रही है।

पार्षद ने रोका था पर अफसर ने नहीं सुनी
रेलवे के क्वार्टर को खाली करवाने शनिवार सुबह रेलवे के अफसर अचानक पहुंचे और आधा दर्जन घरों के दरवाजे खिड़की को उखाड़ दिया गया। जैसे ही अफसरों ने दरवाजे खिड़की उखाड़ी तो विवाद शुरू हुआ। इसी बीच वार्ड पार्षद कोमल सेना मौके पर पहुंची और उन्होंने अफसरों को ऐसा करने मना किया। इसके बाद उन्होंने रेलवे के आला अधिकारियों से बात की तो वे तोड़फोड़ रुकवाने को तैयार हो गए लेकिन मौके पर मौजूद अफसरों ने तोड़फोड़ नहीं रोकी। पार्षद ने भी अपनी ओर से जबरन लोगों के क्वार्टर की खिड़की दरवाजे तोड़ने की मौखिक शिकायत पुलिस में दर्ज करवाई है।
कोरोनाकाल में कहां जाएंगे गरीब: पार्षद
इधर वार्ड की पार्षद कोमल सेना ने बताया कि अभी कोरोनाकाल है कुछ दिनों में मानसून भी आ जाएगा। ऐसे में यदि अभी गरीबों को घर से निकाला जाता है तो वे कहां जाएंगे। उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले रेलवे के अधिकारियों ने घर खाली करने के लिए गरीबों को नोटिस दिया था। उस दौरान उन्होंने अफसरों को बताया था कि सभी के लिए अटल आवास और प्रधानमंत्री आवास की व्यवस्था की जा रही है और जैसे ही इनके मकानों की व्यवस्था हो जायेगी ये मकान खाली कर देंगे। उस दौरान मामला शांत हो गया था लेकिन अचानक घरों से खिड़की दरवाजे उखाड़ दिए गए।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/30gHpX6
via

Comments