Skip to main content

कोरोना आया कोंडागांव, छुट्टी मनाकर यूपी से आया आईटीबीपी का जवान संक्रमित मिला

बस्तर में कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या बढ़ती जा रही है। गुरुवार को तोकापाल ब्लॉक के केशलूर में हैदराबाद से आया एक मजदूर पॉजिटिव मिला। बस्तर जिले में अब कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या 5 हो गई है। वहीं कोंडागांव जिले में भी कोरोना का पहला मरीज मिला। यहां आईटीबीपी के एक जवान के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। वह छुट्टी पर उत्तरप्रदेश गया था, वापस आने पर 6 दिनों से क्वारेंटाइन पर था। जांच में उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। फिलहाल दोनों संक्रमितों को क्वारेंटाइन सेंटर में ही रखा गया है, जहां उनका इलाज किया जा रहा है।
कुम्हरावंड सेंटर में मंगलवार को एक की रिपोर्ट पॉजीटिव आने के बाद उसके साथ रह रहे 15 लोगों में से 6 लोगों के नमूनों को बुधवार को जांच के लिए भेजे गए हैं, जिनकी रिपोर्ट अब तक नहीं मिली है।
कंटेनमेंट जोन बनने के बाद खाने को तरसे लोग
कुम्हरावंड स्थित रेड जोन क्वारेंटाइन सेंटर में मंगलवार को मिले एक पॉजीटिव मरीज को हालांकि मेकॉज भेज दिया गया है, लेकिन इस पूरे इलाके को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है। ऐसे में यहां न तो किसी को आने दिया जा रहा है और न ही जाने। इन हालातों में यहां रह रहे लोगों ने एक बार फिर खाने की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों ने बताया कि जो खाना उन्हें दिया जा रहा है, वो बिल्कुल खाने लायक नहीं है। ऐसे में उन्होंने खाना न खाने की बात कही है। वहीं उन्होंने ये भी कहा है कि जब तक ठीक खाना उन्हें नहीं मिलेगा, वे भूखे ही रहेंगे। सेंटर प्रभारी डॉ. टीएस नाग ने बताया कि खाने की गुणवत्ता को लेकर ठेकेदार को कहा गया है।

जवान को गुंडाधुर कॉलेज में बनाए गए क्वारेंटाइन सेंटर में रखा गया था
इधर कोंडागांव जिले में तैनात आईटीबीपी की 29वीं बटालियन के एक जवान की रिपोर्ट आरटी-पीसीआर की जांच में पॉजिटिव आई है। जवान छुट्‌टी पर उत्तरप्रदेश गया हुआ था। वहां से 5 जून को लौटा था। उसे गुंडाधुर कॉलेज में बनाए गए क्वारेंटाइन सेंटर में रखा गया था। उत्तरप्रदेश से लौटने के कारण उसकी कोरोना जांच की गई, जिसमें रिपोर्ट पॉजीटिव आई। इसके बाद उसे वहीं अलग से रखा गया है। जवान के संपर्क में 9 लोग आए हैं, जिन्हें क्वारेंटाइन सेंटर लाया जा रहा है। इन सभी के नमूने जांच के लिए शुक्रवार को भेजे जाएंगे।

तोकापाल ब्लॉक के क्वारेंटाइन सेंटर केशलूर में 2 जून से रह रहा था मजदूर
तोकापाल ब्लॉक के केशलूर में बने क्वारेंटाइन सेंटर में मिला एक कोरोना पॉजीटिव मरीज 2 जून से यहां रह रहा था। वह मजदूरी करने हैदराबाद गया था, जहां से वापस आने के बाद उसे क्वारेंटाइन कर दिया गया। इस बीच उसके नमूने की जांच की गई, जिसके बाद गुरुवार को रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर यहीं उसका इलाज शुरू कर दिया गया है। अब तक इसके संपर्क में कितने लोग आए हैं, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है, लेकिन एसडीएम और स्वास्थ्य विभाग का अमला इसकी जानकारी जुटा रहा है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Kondagaon arrives in Corona, ITBP jawan from UP found infected


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2UAJDgw
via

Comments