पुलिस ने दो दिनों में नक्सलियों के सप्लाई चेन में जुड़े 4 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पकड़े गए आरोपी में धमतरी निवासी मनोज शर्मा व बालोद के गुंडरदेही निवासी हरीशंकर गेडाम के अलावा कांकेर जिले के दुर्गूकोंदल निवासी आत्माराम नरेटी व गणेश कुंजाम शामिल हैं। एसपी शलभ सिन्हा ने बताया कि आरोपियों के पास से थ्री नॉट थ्री, इंसास, एके 47 व एसएलआर के कुल 695 कारतूस बरामद हुए हैं। पूछताछ में नक्सलियों के शहरी नेटवर्क के सप्लाई चेन से जुड़े लोगों के बारे में अहम सुराग हाथ लगे हैं।
एसपी शलभ सिन्हा ने बताया कि दुर्गूकोंदल निवासी आत्माराम नरेटी व गणेश कुंजाम अपने इलाके के प्रतापपुर एरिया कमेटी सचिव दर्शन पद्दा के लिए काम करते थे। धमतरी निवासी मनोज शर्मा लकड़ी के अवैध कारोबार में लिप्त था। इसी दौरान उसकी पहचान गणेश व आत्माराम से हुई। उनके कहने पर पैसे की लालच में मनोज अन्य साथी हरीशंकर के साथ नक्सलियों के सप्लाई चेन में शामिल हो गया। सभी को नक्सलियों से अच्छी खासी मोटी रकम मिलती थी।
गणेश के कहने पर ही ट्रक में मनोज व हरीशंकर गुरुवार सुबह सुकमा पहुंचे। उन्हें मलकानगिरी चौक से किसी अज्ञात व्यक्ति से पार्सल लेकर दुर्गूकोंदल लौटना था। इंटेलीजेंस से मिली सूचना के बाद पुलिस ने सुबह पहले से ही पूरे इलाके की घेराबंदी कर रखी थी। जवानों ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। उनके पास रखे बैग की तलाशी में थ्री नॉट थ्री व एसएलआर के 395 कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में गणेश व आत्माराम के लिए काम करने की बात कही। जिसके बाद शुक्रवार को पुलिस की एक टीम दुर्गूकोंदल रवाना की गई। कांकेर पुलिस के सहयोग से दोनों को पकड़कर शुक्रवार रात सुकमा लाया गया। छापेमारी में थ्री नॉट थ्री, इंसास, एके 47 व एसएलआर राइफल के 300 नग कारतूस भी बरामद कर पुलिस ने जब्त किए।
7 लाख के इनामी दंपती ने किया आत्मसमर्पण
बीजापुर| एसपी कमलोचन कश्यप और सीआरपीएफ डीआईजी कोमल सिंह के सामने शनिवार को नक्सली दंपती ने सरेंडर किया है। जिसमें पति गोपी पर 5 और पत्नी भारती पर 2 लाख के इनाम था। एसपी ने बताया गंगालूर एरिया कमेटी के सदस्य गोपी मोडियाम और उसकी पत्नी प्लाटून नंबर 2 की सदस्य भारती कट्टम ने समर्पण किया है। गोपी के विरुद्ध जिले के अलग-अलग थाने में 73 आपराधिक मामले पंजीबद्ध हैं। वहीं इसके विरुद्ध जिले में 50 और भारती पर 6 स्थाई वारंट लंबित हैं। कश्यप ने बताया नक्सली गोपी वर्ष 2002 से नक्सल संगठन में शामिल हुआ और लगभग 17 छोटी बड़ी घटनाओं ने शामिल रहा। वहीं पत्नी भारती भी कुछ घटनाओं में पति के साथ शामिल थी। सपत्नी समर्पण करने के सवाल पर गोपी ने बताया कि पति-पत्नी ने एक साथ एक एरिया कमेटी में काम करने की इच्छा संगठन के समक्ष रखी लेकिन संगठन द्वारा उसकी मांग को खारिज़ करते हुए इन्हें अलग-अलग कर दिया गया।जन मिलिशिया सदस्य गिरफ्तार: शुक्रवार को थाना बासागुड़ा से जिला बल एवं केरिपु बल की पार्टी तिमापुर, पुतकेल, चिल्कापल्ली की ओर सर्चिंग पर निकली थी। इसी दौरान बासागुड़ा के पास नुप्पा बिच्चेम स्थाई वारंटी को पकड़ा गया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3h3l851
via
Comments
Post a Comment