कोरोना लॉकडाउन में मार्च से बंद जंगल सफारी, जू और नंदनवन 1 जुलाई से खुल जाएंगे। जंगल सफारी और जू जैसी जगहों में सबसे ज्यादा बच्चों की रुचि होती है। सेंट्रल जू अथॉरिटी ने छोटे बच्चों की एंट्री ही बैन कर दी है। अथॉरिटी की नई गाइड लाइन के अनुसार 10 साल से कम उम्र के बच्चे और 65 साल से अधिक आयु के बुजुर्गों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। गर्भवती महिलाओं के लिए भी एंट्री बैन कर दी गई है।
वन विभाग को भेजी गाइड लाइन के अनुसार किसी भी पर्यटक को मास्क के बिना प्रवेश नहीं दिया जाएगा। सफारी और जू में एंट्री के लिए मास्क अनिवार्य कर दिया गया है। इतना ही नहीं गेट पर एक-एक पर्यटक की थर्मल स्क्रीनिंग की जाएगी। बुखार होने की स्थिति में पर्यटक को गेट से ही लौटा दिया जाएगा। सफारी में प्रवेश करने के पहले एक-एक पर्यटक का नाम, पता और मोबाइल नंबर रजिस्टर में दर्ज किया जाएगा। एसी बसों का परिचालन नहीं किया जाएगा। सभी नान एसी बसें ही चलेंगी।
आज होगा ट्रायल, एपीसीसीएफ देखेंगे
जंगल सफारी खुलने के बाद पर्यटकों को किस तरह से एंट्री दी जाएगी? बसें कहां पार्क रहेंगीं? एक-एक पर्यटक का नाम-पता और मोबाइल नंबर किस जगह पर रजिस्टर में दर्ज किया जाएगा? पर्यटकों काे वेटिंग हॉल में कैसे बिठाया जाएगा? और जू में उनकी एंट्री व वन्य प्राणी देखने का सिसटम कैसा रहेगा? इसका ट्रायल मंगलवार को किया जाएगा। पीसीसीएफ वाइल्ड लाइफ नरसिंग राव खुद ट्रायल देखेंगे। हालांकि सफारी में पिछले तीन दिनों से इसे खोलने की तैयारी की जा रही है। जंगल सफारी और जू के अलावा नंदनवन को भी खोला जा रहा है। अफसरों की टीम वहां भी पहुंचकर स्थिति देखेगी।
24 सीटर बस में केवल 12 पर्यटक
सफारी में सोशल डिस्टेंसिंग के पालन की सख्त हिदायत दी गई है। 24 सीटर बसों में केवल 12 पर्यटकों को ही प्रवेश दिया जाएगा। इससे ज्यादा पर्यटक किसी भी बस में नहीं सवार किए जाएंगे। अफसरों के अनुसार सफारी के भीतर प्रवेश करने के बाद पर्यटकों को एक कतार में निर्धारित दूरी बनाकर चलना होगा। इसके लिए मार्किंग कर दी गई है।
लोमड़ी-सियार की शिफ्टिंग जल्द
जंगल सफारी से सटे जू में लोमड़ी और सियार की शिफ्टिंग इसी महीने कर दी जाएगी। लोमड़ी और सियार अभी नंदनवन में है। उन्हें शिफ्ट करने की मंजूर सेंट्रल जू अथॉरिटी से मिल चुकी है। वन विभाग की ओर से लोमड़ी व सियार के बाड़े बन जाने के बाद उनकी शिफ्टिंग की अनुमति मांगी गई थी। यह अनुमति दे दी गई है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2YIEDZw
via
Comments
Post a Comment