कांग्रेस संगठन के साथ ही राज्य सरकार ने मरवाही उपचुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल को गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले का प्रभारी बनाया गया है। अग्रवाल के पास दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर जिले की जिम्मेदारी थी। वहीं पीसीसी अध्यक्ष मोहन मरकाम भी मंगलवार को कार्यकर्ताओं को रिचार्ज करने के लिए मरवाही पहुंचे। स्थानीय नेताओं व कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर मरकाम ने बूथ मैनेजमेंट की शुरुआत कर दी है। जल्द ही, उपचुनाव के लिए कांग्रेस संगठन के किसी नेता को प्रभारी बना सकती है।
राज्य के पहले सीएम रहे अजीत जोगी के निधन के बाद मरवाही सीट खाली हो गई है। वहां 29 नवंबर से पहले उपचुनाव कराना होगा। निर्वाचन आयोग से जो संकेत मिल रहे हैं, उसके मुताबिक अगस्त के अंत या सितंबर में चुनाव हो सकते हैं। यह चुनाव न केवल जोगी परिवार बल्कि कांग्रेस और भाजपा के लिए भी प्रतिष्ठा वाला होगा। मरवाही के दो दिन के दौरे पर गए मरकाम ने मंगलवार को स्थानीय नेताओं से बैठक के बाद कहा कि कांग्रेसी चुनाव को चुनाव की तरह लड़ते हैं।
हम कर्म पर विश्वास करते हैं। रिजल्ट जो भी आए वह बाद की बात है। उस पर हम ध्यान नहीं देते हैं। अभी हमारी तैयारी नए संगठन जिले को मजबूत करने की है। संगठन की सतत प्रक्रिया है बूथ, सेक्टर और जोन कमेटियों का गठन करना। संगठन को मजबूत बनाना नेताओं का काम है। यही काम करने हम मरवाही जा रहे हैं। ताकि हम संगठन को बेहतर स्तर तक ले जाएं। मरकाम ने कहा कि चुनाव आते और जाते हैं। परिणाम कुछ भी हो लेकिन हमारा काम संगठन को बेहतर बनाना है।
बिलासपुर सांसद, जिलाध्यक्ष कर चुके हैं कार्यकर्ताओं की बैठक
बिलासपुर सांसद अरुण साव और भाजपा जिलाध्यक्ष रामदेव कुमावत मरवाही का दौरा कर चुके हैं। मरवाही विधानसभा के अंतर्गत चार मंडल हैं। इन चारों मंडलों के कार्यकर्ताओं की बैठक में चुनाव की तैयारियों के संबंध में चर्चा हुई थी। हालांकि अभी संगठन ने किसी को प्रभारी नहीं बनाया है।
गौरेला पेंड्रा मरवाही को भाजपा संगठन जिला बनाने की कवायद चल रही है। इस तरह भाजपा के संगठन जिलों की संख्या 30 हो जाएगी। प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय के मुताबिक जून महीने में वर्चुअल रैलियां, संभागीय, जिला, लोकसभा और विधानसभा स्तरीय जन संवाद होने हैं। 28 जून को सबसे बड़ी वर्चुअल रैली होगी। मध्यप्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान इसे संबोधित करेंगे। फिलहाल संगठन के नेता जनसंवाद व वर्चुअल रैली की तैयारियों में लगे हैं। इसके बाद ही मरवाही उपचुनाव के लिए कवायद शुरू की जाएगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2VclgpK
via
Comments
Post a Comment