Skip to main content

नक्सलियों ने ग्रामीण को पुलिस का मुखबिर बता गोली मारकर जान ली

कांकेर जिले की सीमा से लगे महाराष्ट्र के ग्राम गट्टा में तीन दिनों पहले नक्सलियों ने वनविभाग के कार्यालय में आग लगाई और दो वनकर्मियों की पिटाई भी की थी। गुरूवार रात उसी गांव से 4 किमी दूर नक्सली ग्राम गुंडजूर पहुंचे। एक ग्रामीण पर पुलिस के लिए मुखबिरी करने का आरोप लगाते गोली मारकर हत्या कर दी। लगातार नक्सली वारदातों से सीमावर्ती क्षेत्रों में दहशत बना हुआ है।
गुरुवार रात लगभग 12 बजे हथियारों से लैस नक्सली महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिला स्थित एटापल्ली थानांतर्गत ग्राम गट्टा से 4 किमी दूर गुंडजुर पहुंचे। 5 से 6 हथियारबंद नक्सली गांव के किसान रवि पुंगाटी के घर पहुंचे। बाकी नक्सली गांव की सीमा से बाहर पहरेदारी कर रहे थे। रवि को घर से बाहर निकाला तथा घर से कुछ दूर ले गए। इसके बाद गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। विदित हो गट्टा कांकेर जिले की सीमा से मात्र 10 किमी दूर है। क्षेत्र में नक्सली सक्रिय हैं तथा लगातार वारदात कर रहे हैं। लगातार नक्सली वारदातों से कांकेर-महाराष्ट्र सीमा के गांवों में तनाव बना हुआ है। तीन दिन पहले भी नक्सलियों ने गट्टा के वन विभाग कार्यालय में आग लगा दी थी। कार्यालय में आग लगाने से पहले वहां मौजूद दोनों गार्डों की जमकर पिटाई भी की थी। आगजनी में कार्यालय में रखे सभी दस्तावेज जलकर खाक हो गए थे। इस वारदात को अंजाम देने 50 से अधिक नक्सली पहुंचे थे। इसके आठ दिन पहले कांकेर जिले में नक्सलियों ने दो जगह आगजनी की घटना को अंजाम देते हुए 43 लाख का तेंदूपत्ता जला दिया था।
गट्टा जांबिया थाना प्रभारी सुधीर पाडुले ने बताया कि नक्सलियों ने बेकसूर ग्रामीण को पुलिस के लिए मुखबिरी करने के आरोप लगाकर गोली मारकर हत्या की है। गट्टा दलम के नक्सलियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3dVclQR
via

Comments