निगम के 10 जोन में अध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर राजनीति तेज हो गई है। कांग्रेस का 9 जोन में अध्यक्ष बनना तय है। इसमें एक जोन के अध्यक्ष सभापति होंगे, ऐसे में 8 पार्षदों को जोन अध्यक्ष बनने की जिम्मेदारी मिलेगी। पार्षदों के बीच कोई मनमुटाव न हो इसलिए महापौर ने शहर के तीनों विधायकों, सभी पार्षदों और सभापति के साथ फाफाडीह स्थित एक निजी होटल में बैठक की। इस बैठक में मौजूद सभी पार्षदों से कहा गया है कि वे जोन अध्यक्ष के लिए दावा पेश कर सकते हैं, लेकिन अंतिम फैसला पार्टी का ही होगा। सभी पार्षदों को यह फैसला मानना होगा। बैठक में सभी पार्षदों ने भरोसा दिलाया कि वे पार्टी के फैसले का सम्मान करेंगे चाहे तो इसके लिए शपथ भी ले सकते हैं।
पार्षदों की इस बैठक में रायपुर ग्रामीण विधायक सत्यनारायण शर्मा, उत्तर विधायक कुलदीप जुनेजा और पश्चिम विधायक विकास उपाध्याय ने पार्षदों को सीख दी कि वे मिल-जुलकर काम करें। जोन अध्यक्ष कोई भी बने उसके साथ आपसी सहमति के साथ काम करें। इस बैठक के साथ ही तीनों विधायक ने हर जोन से एक-एक नाम महापौर को दे दिए हैं। सूत्रों ने बताया कि राज्यसभा सांसद छाया वर्मा ने भी महापौर को नाम दिए हैं। इसके बाद आठ जोन के लिए दो-दो नाम के पैनल तैयार कर लिए गए हैं। अंतिम फैसले के लिए सूची को पीसीसी अध्यक्ष के पास भेज दिया गया है। मुख्यमंत्री और अध्यक्ष की सहमति के बाद अंतिम नाम तय किए जाएंगे। हालांकि सूत्रों का कहना है कि यह प्रक्रिया औपचारिकता मात्र ही है, क्योंकि अधिकांश जोन अध्यक्ष के नाम तय किए जा चुके हैं। ये नाम कांग्रेस हल्कों में चर्चा में आ चुके हैं तथा इनमें बदलाव की संभावनाएं काफी कम हैं।
अफसर भी जुटे लॉबिंग में : एक तरफ कांग्रेस पार्षदों में जोन अध्यक्षों को लेकर खींचतान चल रही है, तो दूसरी ओर नगर निगम के अफसर भी दो नए जोन के कमिश्नर का पद हथियाने के लिए लॉबिंग में जुट गए हैं। इसके लिए कई अफसरों को शहर में कांग्रेस नेताओं के बंगलों में भी देखा जा रहा है। अभी यह फैसला नहीं हुआ है कि जोन 9 और 10 का कमिश्नर कौन होगा, लेकिन यह तय माना जा रहा है कि जोन अध्यक्ष की नियुक्ति से पहले जोन कमिश्नरों के नामों की घोषणा कर दी जाएगी।
आवेदन वाले दिन ही घोषणा
पार्षदों की बैठक में इस बात की जानकारी दी गई है कि जोन अध्यक्षों का चुनाव 10 दिनों के भीतर हो जाएगा। जोन अध्यक्ष कौन बनेगा इसकी घोषणा पहले नहीं की जाएगी। जिस दिन जोन अध्यक्ष का चुनाव होगा उसी दिन बताया जाएगा कि फॉर्म किसे भरना है। कांग्रेस ने महापौर के चुनाव में भी यही प्रक्रिया अपनाई थी। हालांकि राजधानी का महापौर कौन होगा, यह तस्वीर 24 घंटे पहले ही साफ हो चुकी थी। लेकिन जानकारों का मानना है कि जोन अध्यक्ष के नाम पहले आ जाते हैं तो कुछ में विवाद की स्थिति निर्मित हो सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए तय किया गया कि इस मामले में गोपनीयता बरती जाए और अंतिम समय में नाम घोषित किया जाए।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2Mw9mlL
via
Comments
Post a Comment