मेडिकल कॉलेज में मंगलवार रात दरभा से एक युवक परिजन के साथ इलाज के लिए पहुंचा। यहां पहुंचते ही उसने ओपीडी की पर्ची कटवाई और आपातकाल ओपीडी में बैठे डॉक्टरों को परेशानी बताई। बताया जा रहा है कि युवक बुखार से पीड़ित था। इसके बाद आपातकाल के डॉक्टरों ने उसे कोविड हॉस्पिटल जाने कहा लेकिन युवक मेकॉज के चौथे फ्लोर पर चला गया। इसके बाद बुधवार की सुबह चौथे फ्लोर पर उसकी लाश मिली। लाश के पास से ओपीडी की पर्ची भी मिली है युवक का नाम कमलू बताया जा रहा है। चूंकि युवक बुखार की शिकायत लेकर हॉस्पिटल पहुंचा था ऐसे में उसकी मौत के बाद चौथे फ्लोर के हॉल को सील कर दिया गया और फिर पूरी सुरक्षा के साथ उसके शव से कोरोना टेस्ट के लिए सैंपल कलेक्ट किया गया है। सैंपल कलेक्ट करने के बाद उसकी लाश को सुरक्षित तरीके से मरच्यूरी में रखवाया गया है और कोरोना की जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रह है।
हॉस्पिटल अधीक्षक डॉ. केएल आजाद ने बताया कि युवक ने रात में मेडिकल स्टाफ से भी कोई मदद नहीं मांगी। कोविड हॉस्पिटल जाने के बदले वह चौथे फ्लोर के हाल में ही सो गया और संभवत: रात में सोने के दौरान ही उसकी मौत हो गई। इधर अब हॉस्पिटल में एक बुखार पीड़ित के आने और उसकी मौत हो जाने के बाद चर्चाओं का बाजार गर्म है।
हॉस्पिटल चौकी प्रभारी नेपाल गंगोली ने बताया कि युवक के परिजन का बयान दर्ज किया गया है। युवक की लाश को अभी सुरक्षित रखा गया है। यदि युवक की कोविड रिपोर्ट निगेटिव आती है तो शव परिजन को सौंप दिया जाएगा। युवक की मां ने पुलिस को बताया कि सुबह इलाज कराने की सोच कर चौथे फ्लोर में रुक गए थे।
16 कोरोना पॉजिटिव मरीजों का इलाज जारी
इधर मेकॉज के कोविड हास्पिटल में 16 कोरोना पॉजिटिव मरीजों का इलाज जारी है। इन 16 मरीजों में एक दिन पहले कुम्हरावंड स्थित क्वारेंटाइन सेंटर से मिला पॉजिटिव मजूदर भी शामिल है। मेकॉज में भर्ती किसी भी पॉजिटिव मरीज में कोरोना के कोई लक्षण नहीं दिख रहे हैं। डॉक्टरों के अनुसार सभी तेजी से कोरोनामुक्त होने की तरफ बढ़ रहे हैं। इधर क्वारेंटाइन सेंटर में मौजूद बाकी लोगों का भी कोरोना चेकअप करवाया जा रहा है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3hgvCyb
via
Comments
Post a Comment