नए सब्जी बाजार में दुकान लगाने को लेकर स्थानीय व बाहरी सब्जी विक्रेताओं में चल रहे विवाद के बीच खबर आई है कि अब 77 दिनों बाद सब्जी बाजार डेली मार्केट में वापस लौटेगा। विवाद के बीच स्थानीय सब्जी विक्रेताओं ने डेली मार्केट में दुकान लगाने की मांग की। उन्हें वहां दुकान लगाने सशर्त अनुमति दी गई है।
कोरोना संक्रमण बढ़ने व लॉकडाउन के बाद जिले में सुरक्षा के मद्देजर बाजार की बुनियादी व्यवस्था में फेरबदल की गई थी। गत 27 मार्च से डेली मार्केट में लगने वाले सब्जी बाजार समेत वहां के अन्य दुकानों को बंद करा दिया गया था। यहां का बाजार नया बस स्टैंड के पीछे नया सब्जी बाजार में शिफ्ट कर दिया गया था। साप्ताहिक बाजार के दिन नया बाजार में भीड़ कम करने बाजार को शहर के 13 जोन में बांटा गया था। लेकिन इन 13 में से कुछ ही स्थान पर बाजार लगते रहे। कुछ दिन बाद डेली मार्केट में सब्जी दुकान को छोड़ किराना व अन्य दुकानों को खोलने अनुमति दी गई थी। कुछ हफ्तों से नया बाजार में दुकान लगाने को लेकर स्थानीय व बाहरी विक्रेताओं के बीच जमकर विवाद होने लगा। विवाद बढ़कर मारपीट तक पहुंच गया। बात पुलिस तथा जिला प्रशासन तक भी पहुंच गई। स्थानीय सब्जी विक्रेताओं शीतू साहू, बंटी सोनकर, धनराज, हाजी खान, हरीराम सोनकर, मुक्कु मंगलानी, गोलू मंगलानी हरीश यादव आदि ने बुधवार 10 जून को मुख्य नगर पालिका अधिकारी से संपर्क कर पुराना बाजार में दुकान लगाने अनुमति मांगी। विक्रेताओं ने बताया कि नगर पालिका सीएमओ ने उन्हें डेलीमार्केट में दुकान लगाने अनुमति दे दी है।
अब डेली मार्केट की ऐसी होगी व्यवस्था
डेली मार्केट में दोबारा सब्जी बाजार लगाने नई व्यवस्था की जा रही है। स्थानीय दुकानदार को वहां दुकान लगाने की अनुमति होगी लेकिन सामान दुकान से बाहर नहीं निकाला जाएगा। बाजार के अंदर दुकान के सामने व सड़क में पसरा लगाकर बैठने वालों को रास्ते में बैठने नहीं दिया जाएगा। बाहर से आकर पसरा लगाने वालों को बाजार के अंदर पोटाई बाजार में व्यवस्थित कर जगह दी जाएगी। जहां वे अपना पसरा लगाएंगे।
सामान बाहर हुआ तो दुकान होगी सील
नगर पालिका सीएमओ सौरभ तिवारी ने कहा कि स्थानीय विक्रेताओं को डेली मार्केट में सब्जी दुकान लगाने की सशर्त अनुमति दी गई है। यदि दुकानदार दुकान के बाहर एक भी सामान रखेगें तो सामान जब्त कर दुकान सील कर दी जाएगी। रास्ते में बैठने वालों को पोटाई बाजार में पसरा लगाने जगह दी जाएगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3cT3Rbu
via
Comments
Post a Comment