छत्तीसगढ़ भाजपा की तीसरी बार कमान संभाल रहे विष्णुदेव साय के सामने अभी सबसे बड़ी चुनौती मरवाही उपचुनाव होगी। विधानसभा चुनाव में ढेर हो गई भाजपा को मोदी लहर ने लोकसभा चुनाव में तो बचा लिया, लेकिन निराश कार्यकर्ताओं ने बस्तर, दंतेवाड़ा, नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव में हाथ खड़े कर दिए। अब कार्यकर्ताओं में फिर से जान फूंकना होगा। इसके अलावा नए चेहरे को मौका देने की मांग कर रहे खेमों को भी साधना होगा।
पूर्व सीएम अजीत जोगी के निधन के बाद निर्वाचन आयोग को मरवाही सीट रिक्त होने की सूचना भेज दी गई है। नवंबर तक इस सीट पर चुनाव कराना होगा। राज्य बनने के बाद से मरवाही में जोगी परिवार का कब्जा रहा है। इस बार परिस्थितियां अलग होंगी। भाजपा यदि मरवाही में जीत दर्ज करती है तो कार्यकर्ताओं के बीच अच्छा संकेत होगा। इस बीच साय को बचे हुए मंडल व जिलों में नियुक्तियां करनी है। रायपुर, दुर्ग-भिलाई समेत 11 जिलों में अब तक जिलाध्यक्ष की नियुक्ति नहीं हो पाई है। इसके अलावा जिन जिलों में नियुक्तियां हो चुकी हैं, वहां भी टीम भी बनानी है। इससे भी ज्यादा महत्वपूर्ण अपनी टीम बनाना है। इसमें सभी खेमों को साधना होगा। कांग्रेस के विरुद्ध एक आक्रामक नेतृत्व की जरूरत महसूस की जा रही थी। उनकी सौम्य छवि है, इसलिए टीम में आक्रामक छवि के नेताओं को शामिल करना होगा।
कार्यकर्ताओंमें असंतोष के स्वर भी
साय की नियुक्ति से कार्यकर्ताओं में असंतोष है। कार्यकर्ताओं की चिंता है कि नए चेहरे को मौका मिलने से टीम में भी नए लोग होते, लेकिन अब साय फिर से उन्हीं लोगों को शामिल करेंगे, जो पहले भी टीम में रहे हैं। ऐसे में काम करने में उत्साह नहीं रहेगा। इसे लेकर सोशल मीडिया में भी तरह-तरह के बयान सामने आ रहे हैं। एक कार्यकर्ता ने सीएम को इस बात की बधाई दी है कि भाजपा ने साय को अध्यक्ष बनाकर उनकी राह आसान कर दी है। ऐसी स्थिति से बचना भी साय की चुनौती होगी।

सभी नेताओं ने दी साय को बधाई
तीसरी बार प्रदेश अध्यक्ष बनने पर सभी नेताओं ने साय को बधाई दी है। निवर्तमान अध्यक्ष विक्रम उसेंडी ने कहा कि साय के नेतृत्व में भाजपा संगठनात्मक रूप से और ज्यादा निखरेगी। पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह ने कहा कि साय के नेतृत्व में भाजपा राजनीतिक तौर पर नई ऊंचाइयों को स्पर्श करेगी। राष्ट्रीय महामंत्री सरोज पांडेय ने कहा कि भाजपा का राजनीतिक प्रभाव और बढ़ेगा। सांसद रामविचार नेताम, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, बृजमोहन अग्रवाल, अजय चंद्राकर सहित अन्य नेताओं ने भी शुभकामनाएं दी हैं।
एक दो दिनों बाद रायपुर पहुंचेंगे - नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष साय गुरुवार या शुक्रवार को रायपुर आएंगे। साय ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता एकजुट हैं। सभी मिलकर कांग्रेस सरकार से लड़ेंगे। लोगों ने अटल-रमन सरकार के काम को देखा है, मोदी सरकार के काम को भी देख रहे हैं। कांग्रेस के लोक लुभावन वादों को देखकर जनता ने वोट दिया था, लेकिन अब उन्हें यह समझ आ गया है कि सरकार ने उन्हें झूठ बोला था। हर मुद्दे पर कांग्रेस के वादे झूठे निकले।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3gJAN9P
via
Comments
Post a Comment