Skip to main content

ट्रेन यात्रियों के लिए भी अब आरोग्य सेतु एप किया जरूरी

ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को भी अब आरोग्य सेतु एप को अपने मोबाइल पर डाउनलोड करना जरूरी है। रेलवे प्रशासन ने इस नियम को सख्ती से लागू कर दिया है। जिस यात्रियों के पास स्मार्ट फोन है, उन्हें आरोग्य सेतु एप को डाउनलोड करके उसके ग्रीन होने के प्रमाण को दिखाना होगा। ऐसा नहीं करने वाले यात्रियों को सफर करने से भी रोका जा सकता है। स्टेशन परिसर में प्रवेश के साथ ही रेलवे स्टाफ यात्रियों से इस बारे में जानकारी लेंगे। इतना ही नहीं ट्रेन में चलने वाले टीटीई भी अब टिकट चेकिंग के साथ ही यात्रियों के मोबाइल फोन में आरोग्य सेतु के स्टेटस को देखेंगे। यदि किसी यात्री ने इस एप को डाउनलोड नहीं किया है, तो तुरंत उसे ट्रेन में करना होगा। इसके बाद एप के जरिए अपनी जांच भी करके टीटीई को सुनिश्चित करना होगा। कोरोना संक्रमण के बढ़ती रफ्तार को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने इसपर सख्ती कर दी है।

इससे पहले आरोग्य सेतु को केवल फ्लाइट के यात्रियों के लिए ही अनिवार्य किया गया था। इसकी सफलता को देखते हुए रेलवे ने भी ट्रेन यात्रियों के लिए लागू कर दिया है। हालांकि जिन यात्रियों के पास स्मार्ट फोन नहीं रहेगा, उनको सफर करने से नहीं रोका जाएगा। लेकिन ट्रेन में चढ़ने से पहले उस यात्री की विशेष तौर से जांच होगी और टीटीई को यात्री के बारे में बता दिया जाएगा।
मास्क के साथ कंफर्म टिकट जरूरी :
रायपुर स्टेशन के साथ ही मंडल व जाेन के सभी स्टेशनों में नई गाइड-लाइन जारी हुई है। ट्रेन पकड़ने के लिए आने वाले यात्रियों को मास्क लगाना जरूरी है। साथ ही उनके पास ट्रेन में सफर के लिए कंफर्म टिकट होना चाहिए। आरएसी या वेटिंग टिकट वाले यात्रियों को ट्रेन में प्रवेश करने से ही रोक दिया जाएगा। अपने बर्थ पर मास्क लगाकर ही सफर करना होगा। इतना ही नहीं यात्रियों को समय-समय पर हाथों को साबुन या हैंड वॉश लिक्विड से धोना होगा। हैंड सेनिटाइजर का उपयोग भी कर सकते हैं। यात्रियों को समय-समय पर उक्त निर्देश के बारे में रेलवे स्टाफ बताएंगे। इसके साथ ही ट्रेनों में चढ़ने व उतरने वाले सभी यात्रियों का थर्मल स्क्रीनिंग व उनके लगेज का स्प्रे मशीन से सेनीटाइज किया जा रहा है। ऐसा नहीं करने वाले यात्रियों पर जुर्माना भी लग सकता है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2CaVzPM
via

Comments