लापरवाही की शिकायतों के बाद सीएम भूपेश बघेल ने प्रदेश के क्वारेंटाइन सेंटरों का हाल जाना। इस बीच सेंटरों में रह रहे लोगों ने सीएम भूपेश से कहा कि यहां सरकार ने अच्छी व्यवस्था की है, उन्हें वहां किसी प्रकार की तकलीफ नहीं हो रही है। भोजन के अलावा कामकाज का प्रशिक्षण और योग तथा मनोरंजन के साधन मौजूद होने से उन्हें घर की कमी महसूस नहीं हो रही है। इस दौरान भूपेश ने कहा कि बाहर से आकर अपनी पहचान छुपाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। संक्रमण रोकने के लिए बाहर से आने वाले लोगों को क्वारेंटाइन सेंटर में रोकना और उनके स्वास्थ्य की लागातार जांच और आवश्यक होने पर इलाज की व्यवस्था करना जरूरी है। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में कोरोना महामारी से बचाव के लिए 19 हजार 374 क्वारेंटाइन सेंटर बनाए गए है, जिसमें वर्तमान में 2 लाख 23 हजार 150 लोग रह रहे हैं। मुख्यमंत्री ने धमतरी, दुर्ग, सरगुजा, बिलासपुर और बस्तर के विभिन्न क्वारेंटाइन सेंटरों में ठहरे हुए लोगों, कलेक्टरों और सरपंचों से बात की।
मुख्यमंत्री ने बातचीत के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्वारेंटाइन सेंटरों में ठहरे हुए लोगों को किसी प्रकार की तकलीफ न हो। मुख्यमंत्री ने इस दौरान कलेक्टर बस्तर, सकरी क्वारेंटाइन सेंटर के नोडल अधिकारी और सरगुजा के प्रतापगढ़ ग्राम पंचायत की सरपंच से भी बातचीत की और उन्होंने अच्छी व्यवस्था के लिए उनकी सराहना की। मुख्यमंत्री ने उनसे कहा कि आपको लोगों की सेवा करने का मौका मिला है।
श्रमिकों ने कहा-सबकुछ समय पर मिलता है
बिलासपुर मिनीमाता क्वारेंटाइन सेंटर में रुके केदार साहू ने बताया कि वे महाराष्ट्र के सोलापुर से लौटे हैं। उन्हांेने बताया कि उनके सेंटर में व्यवस्थाएं ठीक हैं समय पर भोजन, नाश्ता, चाय दी जाती है। साहू ने बताया कि सेंटर में कैरम बोर्ड और रेडियो और टीवी मनोरंजन के लिए उपलब्ध कराए गए हैं। लेडीज टीवी सीरियल देखती हैं, हम लोग कैरम में व्यस्त रहते हैं। डाॅक्टर हर दिन सुबह आकर स्वास्थ्य की जांच करते हैं। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री को थैक्यू भी बोला। जगदलपुर के कुम्हरावण्ड के क्वारेंटाइन सेंटर में रुकी निर्मला ने बताया कि वे हरियाणा से लौटी हैं। निर्मला ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि आपने जो ट्रेन चलाई उसी में हम लोग वापस छत्तीसगढ़ आए हैं। धमतरी के दानी राम ने बताया कि वे गुजरात के सांभरकाठा से आए हैं। उन्होंने बताया कि सेंटर में व्यवस्था ठीक है, डाॅक्टर, गुरूजी लोग सेवा कर रहे हैं। पथरिया डोमा के क्वारेंटाइन सेंटर में रुके निषाद ने बताया कि उन्हें इस सेंटर में आए 16 दिन हो गए है, उनकी जांच हुई है। सेंटर की व्यवस्थाएं अच्छी है।
गर्भवती महिलाओंकी जानकारी भी ली
सीएम भूपेश ने इस दौरान क्वारेंटाइन सेंटर में ठहरे गर्भवती माताओं, बच्चों और वृद्धजनों की देखभाल की व्यवस्था की जानकारी भी ली। उन्होंने गर्भवती महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य जांच और उनके टीकाकरण के बारे में पूछताछ भी की। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम के बारे में भी महिलाओंसे जानकारी ली। महिलाओंने कहा कि समय-समय पर उनके स्वास्थ्य की जांच की जा रही है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/30ck2Ot
via
Comments
Post a Comment