Skip to main content

मनेंद्रगढ़ में बनेगा मल्टी सुपर स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल

प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने से पहले हमने वादा किया था कि मनेंद्रगढ़ में एक अच्छे हॉस्पिटल की जरूरत है। कोविड-19 के कारण इस कार्य में देरी हुई है, लेकिन जनता से किया वादा अब हम निभाने जा रहा हैं और शहर में जल्द मल्टी सुपर स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल का सपना साकार होगा, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं मिलेंगी।
यह बातें क्षेत्रीय विधायक डॉ. विनय जायसवाल ने कही। शुक्रवार को कलेक्टर एसएन राठौर, सीएमएचओ डॉ. रामेश्वर शर्मा और अन्य अधिकारियों के साथ विधायक मनेंद्रगढ़ में मल्टी सुपर स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल के लिए जमीन देखने आए थे। विधायक ने कहा कि सीएचसी और इससे सटे शासकीय क्वार्टरों को मिलाकर हॉस्पिटल के लिए सर्जिकल डिपार्टमेंट, आईसीयू, मॉड्यूलर ओटी, स्टाफ क्वार्टर के लिए 40 हजार वर्गफीट जमीन चिन्हित की गई है। पूरा स्ट्रक्चर मल्टी स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल का होगा, जिसमें लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिले, इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं। हॉस्पिटल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं मिलेंगी। कलेक्टर एसएन राठौर कहा कि प्रस्तावित मल्टी सुपर स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल के लिए सीएचसी और इससे लगी शासकीय जमीन उपयुक्त है। उन्होंने आर्किटेक्ट को नक्शा प्लान बनाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि आगामी बैठक में डीएमएफ फंड से हॉस्पिटल बनाने मंजूरी का प्रयास करेंगे। हॉस्पिटल में सुविधाओं को देखते हुए बजट तैयार करेंगे। साथ ही सीएचसी में डॉक्टरों की कमी को देखते हुए कलेक्टर ने कहा कि नाक, कान व गला रोग विशेषज्ञ और ऑर्थाेपेडिक डॉक्टर सप्ताह में एक दिन जिला अस्पताल से सीएचसी मनेंद्रगढ़ में अपनी सेवाएं देंगे। कलेक्टर के इस प्रयास की सभी ने सराहना की। हॉस्पिटल के लिए जमीन का चयन करने से पहले कलेक्टर ने चौघड़ा में शासकीय कर्मचारियों के लिए निर्मित क्वार्टर का निरीक्षण किया। यहां हाउसिंग बोर्ड द्वारा 44 क्वार्टर का निर्माण कराया गया है।

विधायक बोले सीएमएचओ से- जनता के साथ चलें
सीएमएचओ डॉ. रामेश्वर शर्मा ने मल्टीस्पेशलिस्ट हॉस्पिटल के लिए शहर से बाहर जमीन को उपयुक्त बताते हुए कहा कि भविष्य में मनेंद्रगढ़ जिला बनेगा, उस हिसाब से शहर का विकास होगा। सीएमएचओ की दलील को विधायक ने सिरे से नकारते हुए कहा कि आपको मनेंद्रगढ़ की जनता के साथ चलना है। यहां की जनता की मांग है कि शहर के बीचों-बीच उन्हें स्वास्थ्य सुविधाओं से सुसज्जित हॉस्पिटल की सौगात मिले, इसलिए उनकी मांग को किसी भी कीमत पर दरकिनार नहीं किया जा सकता।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2YxdPu2
via

Comments