शिक्षा का अधिकार (आरटीई) की आरक्षित सीटों के लिए इस बार आवेदन कम मिले हैं। मार्च से फार्म भरने की प्रक्रिया शुरू हुई इसके बाद भी जितनी सीटें हैं, उतने भी आवेदन नहीं मिले हैं।
राज्यभर में निजी स्कूलों की आरटीई की 81452 सीटें हैं। इसके लिए 70429 आवेदन मिले हैं। संख्या कम होने के कारण अब भी फार्म की प्रक्रिया जारी रखी गई है। अफसरों का कहना है कि फार्म भरने की प्रक्रिया कब तक जारी रहेगी इसके लिए कोई लिखित मे सूचना नहीं है। लेकिन 30 जून तक आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। सीटों के आबंटन के लिए जुलाई में लॉटरी होगी। इससे पहले, आवेदन की आखिरी तारीख मई में ही खत्म हो गई। लेकिन सीटों के मुकाबले फार्म कम मिले थे। कुछ जिलों को छोड़ दिया जाए तो अधिकांश जगह सीटों की तुलना में आवेदन कम थे। इसलिए फार्म भरने की प्रक्रिया अब भी जारी रखी गई है। शिक्षाविदों का कहना कि आरटीई के लिए आवेदन ऑनलाइन मंगाए जा रहे हैं। लेकिन बड़ी संख्या में आवेदन सरकारी स्कूलों में बने सेंटर के माध्यम भरे जाते हैं। कोरोना वायरस की वजह से स्कूल बंद है। इसके अलावा साइबर कैफे भी बंद थे। इसलिए फार्म कम मिले।
जिन्हें सीट मिलेगी उन्हें मोबाइल पर जाएगी सूचना
शिक्षा विभाग के अफसरों का कहना है कि आरटीई सीटों के आबंटन के लिए लॉटरी भी ऑनलाइन होगी। सीट मिलने की सूचना एसएमएस के माध्यम मोबाइल पर दी जाएगी। जुलाई में स्कूलों में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू होगी। संभावना है कि लॉटरी से पहले आवेदनों की संख्या बढ़ेगी। गौरतलब है कि पिछली बार राज्यभर में आरटीई की करीब 30 हजार से अधिक सीटें खाली रह गई थी।
ऑनलाइन आवेदन अब भी किए जा सकते हैं
आरटीई की सीटों के लिए आवेदन की प्रक्रिया चल रही है। अब भी ऑनलाइन आवेदन किए जा सकते हैं। ऑनलाइन पोर्टल eduportal.cg.nic.in/rte के माध्यम फार्म भरे जा सकते हैं। इसके लिए जन्म प्रमाण पत्र, पहचान प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र और जाति प्रमाण पत्र, गरीबी रेखा से नीचे प्रमाण, सरकारी अस्पताल से प्रमाण पत्र, चाइल्ड वेलफेयर समिति की सूची में नाम जरूरी है।
रायपुर के स्कूलों के लिए मिले 9671 आवेदन
रायपुर के 832 निजी स्कूलों में आरटीई की 8678 सीटें हैं। इनके लिए सोमवार शाम तक 9671 आवेदन मिले हैं। यहां सीटें की तुलना में आवेदन संख्या कुछ अधिक है। पिछली बार सीटों के मुकाबले करीब 12 हजार आवेदन मिले थे। फार्म की जब जांच की गई तो कई आवेदन निरस्त हुई। आखिर में करीब पांच हजार सीटों पर प्रवेश हुआ। इसी तरह बिलासपुर में 10578 सीट है। इसके लिए 6572 आवेदन मिले हैं। राजनांदगांव में 4558 सीटों के लिए 4068 आवेदन मिले हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2N0eOxx
via
Comments
Post a Comment