Skip to main content

भाजयुमो ने जलाया कांग्रेस सरकार का पुतला, कहा-नौकरी छीनकर खुदकुशी की नौबत ला दी

भाजपा युवा मोर्चा ने मंगलवार को प्रदेशभर में कांग्रेस सरकार का पुतला जलाया। मोर्चा ने कहा कि 14 हजार शिक्षक और 2200 पुलिसकर्मियों की नौकरी छीनकर सरकार ने युवकों को घर-घर शराब पहुंचाने का शर्मनाक रोजगार दिया है। युवाओं के सामने खुदकुशी करने की नौबत ला दी है। मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने 7 सूत्रीय मांगों को लेकर कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपा और सीएम हाउस के सामने खुदकुशी की कोशिश करने वाले युवक के परिवार को तत्काल मदद दिलाने की मांग की।
सीएम हाउस के सामने एक युवक द्वारा खुदकुशी की कोशिश करने के बाद युवा मोर्चा ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और भर्तियां रद्द करने, बेरोजगारी भत्ता नहीं देने पर सवाल किए। युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विजय शर्मा ने कहा कि 5 लाख युवकों को रोजगार देने और शिक्षित बेरोजगारों को हर महीने 2500 रुपए बेरोजगारी भत्ता देने का वादा कर सत्ता में आई कांग्रेस के सारे वादे छलावा साबित हुए हैं। रोजगार नहीं मिलने के कारण अब सब ओर से हताश शिक्षित युवा के सामने कांग्रेस सरकार ने आत्मदाह करने की नौबत पैदा कर दी है। विधानसभा चुनाव में युवकों के लिए नारा लगाकर सब्जबाग दिखाने वाली युवक कांग्रेस के सारे नेता अब अपनी प्रदेश सरकार की इस नाकामी पर कुछ बोलने के बजाय किस बिल में जा दुबके बैठे हैं, पता ही नहीं चल रहा। शर्मा ने कहा कि सरकार के पास प्रदेश के युवकों की पीड़ा सुनने का वक्त तक नहीं है। अब खुदकुशी की कोशिश करने वाले धमतरी के युवक हरदेव सिन्हा को मानसिक रोगी बताकर जान छुड़ाने की कोशिश की जा रही है।

ट्विटर पर रमन ने पूछा- झूठे वादे करने वाले राहुल गांधी कहां हैं?
पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह ने कांग्रेस से सवाल किया है कि छत्तीसगढ़ आकर झूठे वादे करने वाले राहुल गांधी अब कहां हैं? रमन ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल को टैग करते हुए ट्वीट किया है कि उनके वादों पर विश्वास करने वाले युवाआें को विश्वासघात की आग में धकेलने वाले मुख्यमंत्री को क्या अब भी पद पर रहने देंगे? इससे पहले रमन ने एक और ट्वीट में सीएम हाउस के सामने खुदकुशी की कोशिश करने वाले युवक की तस्वीर पोस्ट करते हुए सीएम भूपेश बघेल से सवाल किया है कि हरदेव सिन्हा की इस दशा को आपकी विफलता मानें या सफलता? रमन ने 27 जुलाई 2016 को पीसीसी अध्यक्ष रहते हुए बघेल के ट्वीट को भी टैग किया है, जिसमें उन्होंने योगेश साहू की खुदकुशी को रमन सरकार की विफलता बताया था।

सिंहदेव का ट्वीट-युवाओं की पीड़ा से दुखी और शर्मिंदा हैं
स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने मंगलवार को ट्वीट किया कि सभी बेरोजगार शिक्षाकर्मियों, विद्या मितान, प्रेरकों और अन्य युवाओं की पीड़ा से वे बेहद दुखी और शर्मिंदा हैं। जन घोषणा पत्र के माध्यम से जो वादा किया था, उस पर अटल हैं। इस पर भाजपा ने जवाब दिया है कि वे भले इंसान हैं, लेकिन जुल्म को चुपचाप सहना भी जुल्म है। वादों का बंदूक उनके कंधे पर रखकर ही चलाया गया था। खुलकर बोलिए। युवाओं से न्याय कीजिए। इतिहास आपको क्षमा कर देगा।

जोगी कांग्रेस ने की घटना की न्यायिक जांच कराने की मांग
जोगी कांग्रेस के ने न्यायिक जांच की मांग की है। जोगी कांग्रेस के नेता धरमजीत सिंह, रेणु जोगी और अमित जोगी ने सीएम भूपेश बघेल को पत्र लिखा है। अमित जोगी ने ट्वीट करते हुए आरोप लगाया है कि बेरोज़गारी से त्रस्त हरदेव सिन्हा आत्मदाह मामले में उच्चस्तरीय लीपापोती के संकेत मिल रहे हैं। सरकार के अफसरों से निष्पक्ष जांच की उम्मीद नहीं है। सीएम न्यायिक जांच कराएं।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Bjyumo burnt effigy of Congress government - snatch job and bring suicide


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2YLjApd
via

Comments