Skip to main content

कोतवाली, विद्यानगर, बस स्टैंड में पानी भरा

शनिवार और रविवार को रुक रुक कर हो रही लगातार बारिश से पुराने बस स्टैंड, तालापारा, सिटी कोतवाली के पास, दयालबंद, विद्यानगर, श्रीकांत वर्मा मार्ग में घंटों निकासी ठप रही। इस मार्ग से आने जाने वालों को एक -डेढ़ फुट पानी से गुजर कर जाना पड़ा। कोरोना संक्रमण के इस दौर में नाले, नालियों के गंदे पानी से होकर जाने की मजबूरी लोगों को निगम की लापरवाही से झेलनी पड़ रही है। ‘दैनिक भास्कर’ने 12 जून के अखबार में अधूरे नाले तथा जाम पड़े नालों के चलते पानी भरने के बारे में आगाह किया था। हफ्ते भर में निकासी दुरुस्त करने के कोई प्रयास नहीं हुए। 6 दिन बाद मेयर रामशरण यादव ने बैठक लेकर अफसरों को 20 स्थानों पर जल भराव की समस्या के निराकरण के निर्देश दिए।इस पर भी अमल नहीं हुआ।

सफाई की कमी, अधूरे नाले आफत बने
बस स्टैंड में वर्षों से पानी भर रहा है। कश्यप कालोनी के पास कच्चे नाले की सफाई तो कर दी गई, परंतु बस स्टैंड के बंद नाले की सफाई नहीं हुई। इसलिए बारिश होते ही वहां पानी भर गया। कोतवाली थाने के पास भक्त कंवरराम मार्केट के सकरे नाले की वजह से पानी भरा। इसकी चौड़ाई बढ़ाने का काम अभी चल रहा है। वहीं दयालबंद में भी अधूरे नाले के कारण जल भराव की समस्या उत्पन्न हुई। विद्यानगर रोड पर एक समय इतना पानी था कि स्कूटी का साइंलेंसर डूब जाए। जरहाभाठा से तैयबा चौक में नाले को चौड़ा करने का काम चल रहा है। अधूरे नाले के कारण यहां पानी भर रहा है।

इनका कहना है
जोन कमिश्नर डीके शर्मा के मुताबिक भक्त कंवरराम मार्केट के गेट के पास नाले की चौड़ाई 6 इंच रह गई है। इसलिए कोतवाली रोड पर पानी भर गया है। हैल्थ ऑफिसर डा. ओंकार शर्मा के मुताबिक बारिश में बस स्टैंड, कोतवाली रोड, विद्यानगर में पानी भरना स्वाभाविक है। स्टार्म वाटर ड्रेनेज नहीं होने कारण ऐसा हो रहा है।

39 लाख खर्च, ड्रेनेज प्लान बस्ते में

शहर में बारिश के पानी की निकासी के लिए 2014-15 में 333 करोड़ की स्टार्म वॉटर ड्रेनेज योजना बनाई गई। डीपीआर तैयार करने का काम मेनहार्ट को सौंपा गया। कंपनी के प्लान को तत्कालीन संचालक नगरीय प्रशासन डा.रोहित यादव ने यह कहकर लौटा दिया कि इसे गूगल मैप के सहारे दफ्तर में बैठ कर बना दिया गया है। प्लान संशोधित हुआ। कंपनी को 39 लाख रुपए का भुगतान हुआ। प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया, परंतु खामियों के चलते यह फिर नामंजूर हो गया।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Kotwali, Vidyanagar, water filled in bus stand


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/316txPI
via

Comments