Skip to main content

लक्ष्मण झूला छोड़ा पर चुपचाप गिराई दानी स्कूल की दीवार, कबाड़ सोलर प्लांट भी जमींदोज

जहां जरूरत नहीं वहां दीवार बनाओ और जहां पहले से दीवार है, उसे ढहा दो... बूढ़ातालाब सौंदर्यीकरण के नाम पर स्मार्ट सिटी ने यह नुस्खा भी आजमा लिया है। लोगों के विरोध की वजह से एजेंसी ने 12 करोड़ रुपए के लक्ष्मण झूले का प्लान रोक दिया, लेकिन गुपचुप तरीके से बाकी काम चालू हैं। सप्रे मैदान को छोटा करने के बाद अब दानी स्कूल की दीवार भी खामोशी से ढहा दी गई है। यही नहीं, बूढ़ातालाब के किनारे बना और करीब दो साल से कबाड़ में तब्दील हो चुके सोलर प्लांट को भी धराशायी कर दिया गया है।
बूढ़ातालाब को लेकर स्मार्ट सिटी ने शहरभर में पोस्टर लगवा दिए हैं। इसमें बताया जा रहा है कि सप्रे मैदान में 45 गुना 86 मीटर फुटबाल मैदान बनाने के साथ एक स्टेडियम भी बनेगा। जिसमें करीब हजार दर्शकों के बैठने के लिए दीर्घा भी होगी। भास्कर टीम ने बूढ़ातालाब से लगकर चल रहे काम का जायजा लिया और पाया कि सप्रे मैदान में प्रस्तावित फुटबाल स्टेडियम के गोल पोस्ट से ठीक पीछे, आधा फीट से भी कम के फासले पर लोहे की जालियां लगा दी गई हैं। कुछ साल पहले स्मार्ट सिटी ने ही सप्रे मैदान में हेल्दी हार्ट बनाने के लिए लाखों रुपए खर्च कर पेवर ब्लॉक और सौंदर्यीकरण किया था। अब वह भी बर्बाद हो गया है। तालाब के किनारे तीन साल पहले पर्यटन विभाग ने यहां महंगी और डेकोरेटिव स्ट्रीट लाइट लगाई थी, जिसे उखाड़ दिया गया। अब दानी स्कूल की बाउंड्रीवाल भी गिराई गई है, ताकि उसकी 30 फीट जमीन भी ली जा सके।

पर्यटन विभाग ने निजी कंपनी को तालाब की लीज दी और गायब
बूढ़ा तालाब को लीज पर एक प्राइवेट एजेंसी को देने के बाद से पर्यटन विभाग पूरे मामले से गायब हो गया है। स्मार्ट सिटी को बूढ़ा तालाब पर काम की मंजूरी भी केवल मौखिक मिली है। ऐसे में स्वामित्व का फैसला हुए बिना किस तरह 30 करोड़ का इतना बड़ा प्रोजेक्ट को बीओडी ने कैसे सैद्धांतिक तौर पर मंजूर कर लिया, इस पर भी सवाल उठ रहे हैं। जानकारों के मुताबिक अगर लीज रद्द नहीं हुई तो 30 करोड़ रुपए के इस प्रोजेक्ट से भविष्य में उस प्राइवेट एजेंसी को सीधा फायदा पहुंचेगा जिसने इसे लीज पर लिया है। गौरतलब है, तालाब के किनारे 18 करोड़ का एसटीपी प्रोजेक्ट पहले से ही ठप पड़ा है।

सीधी बात
सौरभ कुमार, एमडी, स्मार्ट सिटी

सवाल - स्मार्ट सिटी बूढ़ातालाब प्रोजेक्ट का इतना प्रचार क्यों कर रही है?
- गलतफहमी है कि स्मार्ट सिटी यहां मैदान की जमीन हड़पकर चौपाटी खोल रहा है। इसीलिए लोगों को पूरी योजना समझा रहे हैं।
सवाल - स्कूल मैदान में लगी ग्रिल से तो उसका आकार छोटा हो गया है?
- सिर्फ अलाइनमेंट के लिए ग्रिल लगाई है। बाद में इस मैदान में पहले की तरह खेल हो सकेंगे, लोग घूमना-फिरना भी कर सकेंगे।
सवाल - तालाब के आउटर में चल रहे काम से सोलर प्लांट बर्बाद हो गया?
- क्रेडा ने पैनल बैटरी निकालकर केवल सिविल स्ट्रक्चर तोड़ा है। स्ट्रीट लाइट में जो टूट फूट हुई है, हम उसकी क्षतिपूर्ति करेंगे।
सवाल - बूढ़ा तालाब किसका है? स्वामित्व की स्थिति आज तक स्पष्ट नहीं है?
- इस पर अभी जांच चल रही है। हमने पर्यटन विभाग से जवाब मांगा है। तालाब का स्वामित्व निगम के पास जल्द आ जाएगा।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Laxman left the swing, but the wall of the Dani school fell quietly, the junk solar plant is also inundated


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2BnFupF
via

Comments