बस्तर में कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या बढ़ती जा रही है। गुरुवार को तोकापाल ब्लॉक के केशलूर में हैदराबाद से आया एक मजदूर पॉजिटिव मिला। बस्तर जिले में अब कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या 5 हो गई है। वहीं कोंडागांव जिले में भी कोरोना का पहला मरीज मिला। यहां आईटीबीपी के एक जवान के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। वह छुट्टी पर उत्तरप्रदेश गया था, वापस आने पर 6 दिनों से क्वारेंटाइन पर था। जांच में उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। फिलहाल दोनों संक्रमितों को क्वारेंटाइन सेंटर में ही रखा गया है, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। इधर कुम्हरावंड में बने रेड जोन क्वारेंटाइन सेंटर में मंगलवार को एक की रिपोर्ट पॉजीटिव आने के बाद उसके साथ रह रहे 15 लोगों में से 6 लोगों के नमूनों को बुधवार को जांच के लिए भेजे गए हैं, जिनकी रिपोर्ट अब तक नहीं मिली है। तोकापाल ब्लॉक के केशलूर में बने क्वारेंटाइन सेंटर में मिला एक कोरोना पॉजीटिव मरीज 2 जून से यहां रह रहा था। वह मजदूरी करने हैदराबाद गया था, जहां से वापस आने के बाद उसे क्वारेंटाइन कर दिया गया। इस बीच उसके नमूने की जांच की गई, जिसके बाद गुरुवार को रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर यहीं उसका इलाज शुरू कर दिया गया है।
जवान के संपर्क में आए 9 लोगों के आज लेंगे सैंपल
कोंडागांव में तैनात आईटीबीपी की 29वीं बटालियन के एक जवान की रिपोर्ट आरटी-पीसीआर की जांच में पॉजिटिव आई है। जवान छुट्टी पर उत्तरप्रदेश गया हुआ था। वहां से 5 जून को लौटा था। उसे गुंडाधुर कॉलेज में बनाए गए क्वारेंटाइन सेंटर में रखा गया था। उत्तरप्रदेश से लौटने के कारण उसकी कोरोना जांच की गई, जिसमें रिपोर्ट पॉजीटिव आई। इसके बाद उसे वहीं अलग से रखा गया है। जवान के संपर्क में 9 लोग आए हैं, जिन्हें क्वारेंटाइन सेंटर लाया जा रहा है। इन सभी के नमूने जांच के लिए शुक्रवार को भेजे जाएंगे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3cQKm3z
via
Comments
Post a Comment