Skip to main content

लगातार बन रहा सिस्टम लेकिन बस्तर में असर नहीं, उमस से परेशानी

मानसून की दस्तक के दौरान हुई बारिश के बाद लगातार सिस्टम बनते चले जा रहे हैं, लेकिन इनका असर बस्तर में देखने को ही नहीं मिल रहा है। बारिश नहीं होने से तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। इसके साथ ही उमस भी बढ़ रही है। इसी बढ़ी गर्मी और उमस के बीच मंगलवार की सुबह हल्की बूंदाबांदी हुई, जिसके बाद उमस भी खासी बढ़ गई। मंगलवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 1-1 डिग्री की कमी देखी गई। सोमवार को जहां तापमान 34 डिग्री पर पहुंच गया था, वहीं मंगलवार को 33.1 डिग्री था। न्यूनतम तापमान 24 डिग्री था।

ऊपरी हवा का प्रवाह बढ़ने से दूसरी जगह जाते हैं बादल
मानसून के बाद से हालात ऐसे हैं कि बारिश का मौसम बनने के बावजूद बरसात नहीं हो रही है। ऐसा इसलिए हो रहा है, क्योंकि हवा के चलते काले बादल, जिनसे बारिश होती है, वे उड़कर दूसरी जगहों पर चले जा रहे हैं, जबकि जिन बादलों से बारिश नहीं होती, वे ही छाए हुए हैं। मौसम के जानकारों ने बताया कि ऐसा इसलिए होता है, क्योंकि ऊपरी हवा में वायु का प्रवाह बढ़ जाने से बादल उड़कर एक से दूसरी जगह पर पहुंच जाते हैं। इससे तापमान में बढ़ोतरी के साथ ही उमस में भी वृद्धि हो जाती है।

हवा में नमी 88 फीसदी तापमान भी 33 डिग्री पर
मंगलवार को अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री तो न्यूनतम तापमान 24 डिग्री दर्ज किया गया। इधर बस्तर जिले में बीते 24 घंटों में महज 1.2 एमएम बारिश ही दर्ज की गई है। इधर हवा में नमी का प्रतिशत सुबह साढ़े 8 बजे 87 तो शाम साढ़े 5 बजे 88 प्रतिशत दर्ज किया गया है। अगले पूरे हफ्ते तक बादल छाने के साथ ही कहीं-कहीं पर बारिश के आसार बताए जा रहे हैं, लेकिन इसमें भी सिर्फ छींटे पड़ने की संभावना है।

चक्रवात बना लेकिन दक्षिण छत्तीसगढ़ अछूता
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि द्रोणिका बीकानेर, सीकर, शिवपुरी, सीधी, डाल्टनगंज, वर्धमान, सालासर, इंफाल होते हुए डेढ़ किमी की ऊंचाई पर ऊपरी हवा में बन गई है। इसके अलावा उत्तर छत्तीसगढ़ और आस-पास करीब 3.1 से 4.5 किमी की ऊंचाई पर चक्रवाती घेरा भी है। ऐसे में प्रदेश के उत्तर और मध्य भाग में हल्की से मध्यम बारिश हुई, लेकिन दक्षिण छत्तीसगढ़ में इसका कोई भी असर पड़ने की संभावना नहीं है। बुधवार को प्रदेश के कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Constant system, but no effect in Bastar, problems with humidity


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/38ntOj2
via

Comments