विष्णुदेव साय नए भाजपा अध्यक्ष, तीसरी बार मिला मौका, दो उपचुनाव, निगम-पंचायतों की हार के बाद विक्रम को हटाया
छत्तीसगढ़ में दो विधानसभा उपचुनाव, नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव की हार के बाद भाजपा अध्यक्ष जगतप्रकाश नड्डा ने विक्रम उसेंडी को हटा दिया है। उनकी जगह पूर्व केंद्रीय मंत्री और दो बार प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा चुके विष्णुदेव साय को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। भाजपा आक्रामक छवि के आदिवासी और ओबीसी नेताओं में विकल्प तलाश रही थी। आखिरकार सौम्य छवि के विष्णुदेव ने बाजी मार ली। साय का कार्यकाल अब विधानसभा चुनाव तक रहेगा। हालांकि साय के नाम पर तीन महीने पहले ही सहमति बन गई थी। राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा की नियुक्ति नहीं होने के कारण यहां की नियुक्ति अटक गई थी। इस बीच कोरोना की वजह से भी नियुक्ति नहीं की जा सकी थी। विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद तत्कालीन भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने धरमलाल कौशिक के स्थान पर विक्रम उसेंडी को नया भाजपा अध्यक्ष बनाया था।
इसके बाद लोकसभा चुनाव में तो मोदी लहर में भाजपा ने 11 में से 9 सीटें जीत लीं, लेकिन बस्तर और दंतेवाड़ा उपचुनाव में पार्टी की हार हुई। इसके बाद नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा दस निगमों में अपना महापौर और सभापति भी नहीं बना सकी। पंचायत चुनाव में भी भाजपा का प्रदर्शन अच्छा नहीं था। इसके बाद से ही प्रदेश अध्यक्ष को बदलने की चर्चा थी। इसमें विष्णुदेव के अलावा तेजतर्रार नेताओं के रूप में रामविचार नेताम, अजय चंद्राकर, सांसद विजय बघेल आदि के नाम की चर्चा थी, लेकिन सभी गुटों को ध्यान में रखकर निर्विवाद चेहरे के हिसाब से विष्णुदेव का चयन किया गया है।
विधायक दल और संगठन दोनों में रमन की पसंद
कांग्रेस की सरकार बनने के बाद जब नेता प्रतिपक्ष के चयन की बारी आई, तब भी पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह के करीबी धरमलाल कौशिक को जगह दी गई। इसके बाद संगठन में नियुक्ति के समय भी अलग-अलग खेमों से नाम उभर रहे थे, लेकिन केंद्रीय नेतृत्व ने फिर से रमन के करीबी विष्णुदेव के नाम पर मुहर लगा दी। इस तरह अब विधायक दल और संगठन दोनों में रमन सिंह की निगरानी रहेगी।
सीएम भूपेश बघेल ने दी बधाई
सीएम भूपेश बघेल ने विष्णुदेव की नियुक्ति पर बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट किया कि छत्तीसगढ़ के मुख्य विपक्षी दल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में चुने जाने पर वे पूर्व केंद्रीय मंत्री व छत्तीसगढ़ भाजपा के नेता विष्णुदेव साय को बधाई देते हैं। आशा करते हैं कि उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ भाजपा सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएगी। पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह ने भी ट्विटर पर लिखा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि साय के मार्गदर्शन में सभी कार्यकर्ता भाजपा की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में सफल होंगे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3dstnWr
via
Comments
Post a Comment