Skip to main content

शाम के बाद ग्राहक ही नहीं, इसलिए दुकानें 9 के बजाय आज से 7 बजे बंद

केंद्र सरकार की गाइडलाइन में बाजार रात 9 बजे तक खोलने का उल्लेख है और इस आधार पर राज्य सरकार ने भी राजधानी समेत प्रदेशभर में दुकानें 9 बजे तक खोलने का निर्देश जारी कर दिया। कुछ व्यापारी संगठन इसकी मांग भी कर रहे थे, लेकिन दो दिन तक दुकानें 9 बजे खोलने के बाद ज्यादातर कारोबारी बैकफुट पर आगए हैं।

अंधेरा घिरने के बाद कारोबार नहीं के बराबर है, शहर सूना होने लगता है, ग्राहक नहीं आरहे हैं, इन तर्कों के साथ कई व्यापारियों संगठनों ने दुकानें सोमवार से शाम 7 बजे ही बंद करने का फैसला कर लिया है। एमजी रोड, सदरबाजार, गोलबाजार, शास्त्री बाजार, नायापारा, स्टेशन रोड, तात्यापारा समेत कई बाजारों की दुकानें कल से शाम 7 बजे ही बंद हो जाएंगी। केवल मालवीय रोड और पंडरी कपड़ा बाजार ही खुले रहेंगे, वह भी केवल रात 8 बजे तक ही।
चूंकि दर्जनभर व्यापारिक संगठन शाम 7 बजे मार्केट बंद करने जा रहे हैं, इसलिए इनसे जुड़े बाजार भी इसी समय बंद हो जाएंगे। जैसे, एमजी रोड व्यापारी संघ के संरक्षक अरविंद जैन ने बताया कि ऑटोमोबाइल, सेनेटरी, इलेक्ट्रॉनिक्स और इलेक्ट्रिकल बाजार शाम 7 बजे बंद होने की वजह से एमजी रोड की दुकानों को भी स्वयमेव शाम 7 बजे बंद करना होगा। स्टेशन रोड व्यापारी संघ के अध्यक्ष राजेंद्र जग्गी ने बताया कि वहां की दुकानें 9 बजे की छूट मिलने के बाद भी 7 बजे ही बंद हो रही हैं।

सराफा एसोसिएशन, रायपुर के अध्यक्ष हरख मालू ने बताया कि सराफा को भी 7 बजे बंद करने का फैसला ले लिया गया है। संगठनों के अनुसार सभी बड़े कांप्लेक्स के कारोबारी भी सोमवार से 7 बजे दुकानें बंद करने जा रहे हैं। बंजारी चौक व्यापारी संघ के अध्यक्ष लालचंद गुलवानी ने कहा कि बंजारी चौक की दुकानें शाम 7.30 बजे बंद की जाएंगी।

इक्का-दुक्का लोग रात तक आते हैं इस वजह से मालवीय रोड और पंडरी कपड़ा मार्केट की दुकानें खुली रहेंगी 8 बजे तक

मालवीय रोड व्यापारी संघ के महामंत्री राजेश वासवानी ने बताया कि जयस्तंभ से कोतवाली चौक तक की दुकानें रात 8 बजे बंद की जाएंगी। एसोसिएशन ने सभी सदस्यों की सहमति के बाद फैसला लिया है। मोबाइल एसोसिएशन ने भी दुकानें रात 8 बजे बंद करने का फैसला लिया है। पंडरी थोक कपड़ा मार्केट के अध्यक्ष चंदर विधानी ने कहा कि थोक और रिटेल कपड़ा कारोबारियों की सहमति से पंडरी मार्केट रात 8 बजे बंद किया जाएगा। दोनों ही मार्केट में शाम के बाद भी चहल-पहल रहती है, इसलिए व्यापारियों ने यहां की दुकानें 8 बजे तक खोलने का फैसला लिया है।

मार्च के बाद रविवार को खुला बाजार
राजधानी में मार्च के बाद पहला रविवार है, जिसमें बाजार खुले। मालवीय रोड के फुटपाथ मार्केट में कुछ भीड़ बी नजर अाई। हफ्ते में सातों दिन बाजार खोलने की अनुमति की वजह से शहरभर में कई दुकानें खुलीं। मौदहापारा साप्ताहिक बाजार में भी कुछ दुकानें खुलीं। वहां के कारोबारियों ने बताया कि अगले रविवार से सुबह 5 बजे बाजार खोलेंगे। हालांकि रातभर और सुबह 7 बजे तक के कर्फ्यू को इसकी बड़ी रुकावट माना जा रहा है।

कारोबार आधा भी नहीं इसलिए और परेशान
राजधानी के प्रमुख व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों का कहना है कि राजधानी में कारोबार अभी आधा भी नहीं हो रहा है। इसलिए भी व्यापारी परेशान हैं। खर्चे हर महीने उतने ही बने हुए हैं, लेकिन खरीदी-बिक्री 40 फीसदी भी नहीं हो रही है। इसलिए कारोबारी अभी देर रात तक दुकान खोलने के मूड में नहीं है। बाजारों से मिली जानकारी के अनुसार दुकानों का समय कम करने के साथ ही दुकानों का स्टाफ भी कम किया जा रहा है। इसके अलावा दूसरे खर्चों में भी कटौती कर दी गई है। दुकानें कम समय तक खुलने से बिजली बिल और दूसरे खर्चे भी कम हो रहे हैं।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
No customers later in the evening, so shops close at 9am today instead of 9am


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3fuObx7
via

Comments