Skip to main content

हावड़ा मेल में 52 यात्री रायपुर से नहीं जा सके, ट्रेन के स्टॉपेज को हटाने से लोगों काे स्टेशन से लौटना पड़ा

गुरुवार को मुंबई-हावड़ा मेल में रायपुर से टाटानगर जाने वाले 52 यात्री ट्रेन में सवार नहीं हो सके। ऐसा इसलिए हुआ, क्योंकि इस ट्रेन के स्टाॅपेज काे टाटानगर में समाप्त कर दिया गया है। रायपुर से सफर करने वाले कई यात्रियों को इसकी जानकारी नहीं थी और वे ट्रेन पकड़ने स्टेशन पहुंच गए। टाटानगर और चक्रधरपुर में स्टापेज समाप्त होने की जानकारी होने पर कई यात्री भड़क गए और विवाद शुरू हो गया। रेलवे अफसरों की समझाइश पर विवाद शांत हुआ और यात्रियों को स्टेशन से वापस लौटना पड़ा। इसके बाद से स्टेशन प्रबंधन उद्घोषणा कर झारखंड जाने वाले यात्रियों को ट्रेन में सवार नहीं होने के लिए सूचित कर रहा है। झारखंड सरकार के इस फैसले से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है।
1 जून से रायपुर होकर जाने वाली दो जोड़ी ट्रेनें शुरू हुई है। इसमें मुंबई-हावड़ा मेल और अहमदाबाद-हावड़ा एक्सप्रेस शामिल है। दोनों रूट की चारों ट्रेनें अब झारखण्ड के टाटानगर और चक्रधरपुर स्टेशनों में नहीं रूकेगी। रायपुर से इन स्टेशनों तक जाने वाले यात्रियों की संख्या सैकड़ों में है। लेकिन स्टापेज समाप्त होने के साथ ही अब झारखण्ड जाने वाले किसी भी यात्री को ट्रेन में सफर करने की अनुमति नहीं होगी। रिजर्व टिकट बुकिंग आंकड़ों के हिसाब से रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, रायगढ़ सहित प्रदेश के अन्य स्टेशनों से झारखंड जाने वालों की संख्या रोजाना औसतन दो सौ से अधिक थी, लेकिन अब सभी यात्रियों को टिकट कैंसिल कराने की मजबूरी है। गौरतलब है कि जब से यह ट्रेनें चलनी शुरू हुई हैं, इसमें कंफर्म बर्थ मिलनी मुश्किल हो गई है।
दस हजार यात्री प्रभावित : ट्रेनों के शुरू होने के एक दिन बाद ही टाटानगर और चक्रधरपुर स्टेशन में स्टापेज पर रोक लगा दी गई है। अब छत्तीसगढ़ समेत बंगाल, महाराष्ट्र व गुजरात के विभिन्न शहरों से झारखंड जाने और वहां से लौटने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। करीब दस हजार यात्री रिजर्वेशन टिकट लेकर फिर से फंस गए हैं। रेलवे अफसरों से मिली जानकारी के मुताबिक जिन चार प्रदेशों से होकर ट्रेनें गुजर रही हैं, वहां से झारखंड जाने वालों की संख्या अधिक है। चूंकि छत्तीसगढ़ से झारखण्ड वापस जाने के लिए स्पेशल बसें चलाई गई थी, इसलिए यहां से लौटने वाले मजदूरों की संख्या कम हुई है। जबकि यहां से झारखण्ड जाने वालों में नौकरीपेशा, व्यापारी व विद्यार्थी शामिल हैं।
अब टाटानगर और चक्रधरपुर स्टेशन में ट्रेनें नहीं रूकने से सबकी परेशानी बढ़ गई है।
15 जून तक ट्रेनें फुल
मुंबई-हावड़ा मेल और अहमदाबाद-हावड़ा एक्सप्रेस के दोनों रूट की ट्रेनों में सभी सीटें फुल हो चुकी हैं। मुंबई से हावड़ा जाने वाली मेल के स्लीपर कोच में 70 से अधिक वेटिंग है। इसी तरह अहमदाबाद से हावड़ा तक जाने वाली ट्रेन में भी 63 तक वेटिंग हैं। विपरीत दिशा की ट्रेनो में वेटिंग कम है। लेकिन 15 जून तक किसी भी ट्रेन में कंफर्म सीट नहीं है। एसी से लेकर जनरल डिब्बे तक में वेटिंग है। जनरल डिब्बों में तो रिग्रेट की स्थिति है, क्योंकि इसके लिए भी रिजर्वेशन टिकट लेना अनिवार्य है। रेलवे सूत्रों के मुताबिक झारखण्ड के यात्रियों की संख्या व टिकट बुकिंग के आंकड़े को देखते हुए वहां की सरकार ने अन्य राज्यों से आने वाले लोगों पर रोक लगा दी है। हालांकि देशभर के लगभग सभी राज्यों में ट्रेनें पहुंच रही हैं, लेकिन किसी ने अपने यहां ट्रेन के स्टाॅपेज को लेकर रोक नहीं लगाई है।
टाइम-टेबल से दोनों स्टेशन हटाया
रेलवे अफसरों का कहना है कि झारखण्ड सरकार ने ट्रेनों को अपने प्रदेश के स्टेशनों में नहीं रोकने कहा गया था, जिसको रेलवे बोर्ड ने मानते हुए टाइम-टेबल से टाटानगर और चक्रधरपुर को हटा दिया है। इन दोनों ही स्टेशनों के लिए अब रिजर्व टिकट की बुकिंग भी नहीं होगी। दोनों ही रूट की चारों ट्रेनें झारसुगुड़ा से राउरकेला के बाद सीधे बंगाल के खड़गपुर, संतरागाछी होते हुए हावड़ा पहुंचेगी। राउरकेला के बाद ही चक्रधरपुर और टाटानगर स्टेशन आता है। बल्क में आने वालों की संख्या को देखकर ही झारखंड सरकार ने ट्रेनों को नहीं रोकने कहा है। रायपुर के साथ ही राजनांदगांव, दुर्ग, बिलासपुर, रायगढ़ आदि स्टेशनों से टाटानगर व चक्रधरपुर के लिए बुक हुई टिकटों को कैंसिल किया जाएगा और यात्रियों को रेलवे पूरा रिफंड देगा।
आगमन-प्रस्थान में बदलाव नहीं
दो स्टेशनों में स्टॉपेज समाप्त होने के बाद भी ट्रेनों के रायपुर व अन्य स्टेशनों में पहुंचने और छूटने के समय में किसी तरह का परिवर्तन नहीं किया गया है। हावड़ा-अहमदाबाद एक्सप्रेस दोपहर 1.35 बजे रायपुर पहुंचकर 1.45 बजे छूट जाएगी। इसी तरह विपरीत दिशा की अहमदाबाद-हावड़ा एक्सप्रेस रात 10.55 बजे रायपुर आएगी और 11.05 बजे छूट जाएगी। इसी तरह हावड़ा-मुंबई मेल रायपुर में सुबह 9.05 बजे पहुंचेगी। रायपुर में दस मिनट का स्टॉपेज है। इसी तरह मुंबई से हावड़ा जाने वाली मेल शाम चार बजे रायपुर आएगी।
"हावड़ा-अहमदाबाद और मुंबई-हावड़ा के बीच चलने वाली दोनों रूट की चारों ट्रेनें अब झारखण्ड राज्य के टाटानगर और चक्रधरपुर स्टेशन में नहीं रूकेगी। रायपुर सहित विभिन्न शहरों से बड़ी संख्या में रिजर्व टिकट बुक हुआ है, लेकिन अब इसे कैंसिल किया जाएगा। यात्रियों को पूरा रिफंड मिलेगा।"
-तन्मय मुखोपाध्याय, सीनियर डीसीएम, रायपुर मंडल



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2BrZXt8
via

Comments