राजेश सिंह | सरगुजा सहित संभाग में कोविड के बढ़ते केस और मेडिकल काॅलेज अस्पताल के कोविड उपचार केंद्र में बेड की हो रही कमी को देखते हुए।
अब सरगुजा जिले में भी स्वास्थ्य विभाग द्वारा अलग-अलग भवनों में कुल 500 बेड का अस्थाई कोविड अस्पताल बनाया जाएगा। शासन के आदेश पर विभाग ने तैयारी भी शुरू कर दी है। इसके लिए पहले से तैयार सरकारी भवनों को लिया जा रहा है। प्रथम चरण में गांधी स्टेडियम में बने स्पोर्टस हाॅस्टल में 70 बेड व शहर से लगे घंघरी कोरवा आश्रम में 80 बेड का बनेगा। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम दोनों जगह का निरीक्षण की। दोनों भवनों में कोविड आइसोलेशन वार्ड तैयार किए जाएंगे। एक सप्ताह में यहां मरीज भर्ती के लायक सुविधा विकसित कर दी जाएगी। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से दूसरे भवनों में बेड लगाकर हाॅस्पिटल का रूप दिया जाएगा। नए केंद्रों में कोरोना संक्रमित उन मरीजों को भर्ती किया जाएगा जिनमें कोई लक्षण नहीं होंगे। यदि ऐसे कोरोना के मरीज जिनमें सर्दी, खांसी के साथ अन्य लक्षण हैं। उन्हें सीधे मेडिकल काॅलेज अस्पताल के कोविड उपचार केंद्र में भर्ती किया जाएगा। ये पूरी तैयारी आने वाले समय में मरीजों की बढ़ती संख्या के अनुमान पर की जा रही है। बेड कम पड़ने से स्वास्थ्य विभाग ने अब क्वारेंटाइन सेंटरों में नए लोगों का आरटीपीसीआर का सैंपल लेना बंद कर दिया है। क्योंकि पुराने भेजे गए सैंपल में से अभी 150 से ज्यादा की रिपोर्ट नहीं आई है।
इसलिए पड़ रही बेड बढ़ाने की जरूरत
यहां कोविड केंद्र की क्षमता सिर्फ 100 बेड की है। जिसमें 10 बेड आईसीयू व 15 बेड एचडीयू यूनिट में हैं। अभी जो भी कोरोना के मरीज मिल रहे हैं, वे बिना लक्षण वाले हैं। इसलिए उन्हें एचडीयू व आईसीयू में नहीं रख सकते हैं। इससे जनरल वार्ड में बेड कम पड़ गए थे। यहां किसी तरह व्यवस्था बनानी पड़ी थी।
मेडिकल स्टाफ से लेकर मरीजों को हर तरह की सुविधा
नए अस्थाई हाॅस्पिटल में आइसोलेशन वार्ड की तर्ज पर तैयार किया जा रहा है। यहां ड्यूटी डाॅक्टर व मेडिकल स्टाफ पूरे मेडिकल उपकरण के साथ तैनात रहेंगे। मरीज व स्टाफ के लिए भोजन की भी व्यवस्था यहीं रहेगी।
मरीज बढ़ने की आशंका इसलिए तैयारी
"कोविड उपचार केंद्र में 100 बेड ही है। यहां सरगुजा सहित पूरे संभाग से मरीज आ रहे हैं। अभी जैसी स्थिति बन रही है उसके अनुसार आने वाले समय में कोरोना के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ सकती है। इसे देखते हुए 500 बेड का अस्थाई अस्पताल अलग-अलग बनाए जा रहे हैं। प्रथम चरण में स्पोर्टस हास्टल अंबिकापुर व घंघरी आश्रम में 150 बेड का हाॅस्पिटल सप्ताहभर में शुरू हो जाएगा। दोनों जगह काम चल रहा है। यहां मेडिकल स्टाफ सहित अन्य सभी सुविधाएं रहेगी। इन हाॅस्पिटलों में बिना लक्षण वाले कोरोना संक्रमित भर्ती होंगे।"
-डाॅ. पीएस सिसोदिया, सीएमएचओ, सरगुजा
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3fheUwI
via
Comments
Post a Comment