राजधानी में कोरोना का संक्रमण लगातार बढ़ने और पिछले एक हफ्ते से रोजाना औसतन आधा दर्जन नए मामले सामने आने से प्रशासन फिर चौकन्ना हुआ है। कलेक्टर ने पुलिस तथा प्रशासन के अफसरों को लाॅकडाउन के दौरान लागू नियमों का फिर सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद पुलिस ने भी मंगलवार से सख्ती का प्लान बना लिया है। बाइक पर एक सवारी और कार में ड्राइवर छोड़कर दो सवारी से ज्यादा पर जुर्माना बढ़ाकर 500 रुपए कर दिया गया है। मास्क पर भी सख्ती होगी और नहीं पहननेवालों से 100 रुपए जुर्माना वसूलने के साथ-साथ गाड़ी के कागजात भी जांचे जाएंगे। प्रशासन का मानना है कि लोगों को राहत देने के लिए थोड़ी छूट दी गई, लेकिन इसकी आड़ में लोगों ने खुला उल्लंघन शुरू कर दिया है।
केंद्र और राज्य सरकार की गाइडलाइन के अनुसार रात 9 से सुबह 5 बजे तक कर्फ्यू लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। राजधानी में छूट मिलने के बाद रात में पुलिस ने सड़कों से प्वाइंट हटा लिए। इसका फायदा असामाजिक तथा उच्छृंखल किस्म के लोग उठा रहे हैं और वे सारी रात नजर आने लगे हैं। उनकी वजह से कई जगह देर रात तक चाय-पान की दुकानें चलने लगी हैं, जिनसे संक्रमण का खतरा बढ़ा है। यही नहीं, दिन में भी बाजारों में संक्रमण से सुरक्षा की गाइडलाइन का पालन नहीं हो रहा है। शहर में कोरोना संक्रमण के फैलाव की इसे बड़ी वजह माना जा रहा है।
थूकने पर 100, डिस्टेंसिंग नहीं रखने पर 200 रु. जुर्माना
प्रशासन के अनुसार मास्क या अन्य तरीकों से चेहरा नहीं ढंकने वाले और सार्वजनिक जगहों पर थूकने वाले लोगों से 100 रुपए का जुर्माना वसूल किया जाएगा। शहर में बिना किसी काम के बेवजह घूमने वाले व सोशल-फिजिकल डिस्टेंसिंग नहीं रखने वाले लोगों पर 200 का जुर्माना लगेगा। दोपहिया वाहनों पर दो या अधिक सवारी पर 500 रुपए और कारों में तीन से ज्यादा सवारी पर 500 रुपए जर्माना होगा। प्रशासन ने दुकानों में नियमों का पालन नहीं करने वाले लोगों और दुकानदारों से पहली बार में 500, दूसरी बार में 1000 का जुर्माना और तीसरी बार में दुकान सील करने का निर्देश जारी किया है।
मास्क नहीं पहनने, गंदगी फैलाने में 6205 लोग फंसे
लॉकडाउन के दौरान यानी करीब दो महीने में मास्क नहीं पहनने, थूककर या दूसरे तरीकों से गंदगी फैलाने वाले और सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन नहीं करने के मामलों में शहर के 6205 लोग चपेट में अाए हैं। इनसे 6.92 लाख रुपए जुर्माना वसूला गया। निगम के आठ जोन के अफसरों और कर्मचारियों ने लगातार शहर, बाजार और सार्वजनिक जगहों पर अभियान चलाकर यह कार्रवाई की। सबसे ज्यादा जुर्माना मास्क नहीं पहनने वालों पर किया गया। निगम से जोनवाइज मिली जानकारी के अनुसार जोन 1 में मास्क नहीं पहनने पर 123 लोगों से 1180, थूककर गंदगी फैलाने वाले 231 लोगों से 26980, लाॅकडाउन में दुकान खोलने पर 26 दुकानदारों पर 73500 रु. जुर्माना लगाया गया।
"स्वास्थ्य-निगम कर्मचारियों और पुलिस से भी कहा है कि नियम तोड़ने वालों पर सख्ती की जाए। ताकि लापरवाह लोग दूसरों के लिए खतरा न बनें।"
- डॉ एस भारतीदासन, कलेक्टर रायपुर
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3e5buxd
via
Comments
Post a Comment