अमनेश दुबे |कोरोना काल में सरकारी संपत्ति का उपयोग आमदनी के लिए करने का पहला प्रयोग राजधानी रायपुर में पीडब्ल्यूडी करने जा रहा है। कटोरातालाब और सिविल लाइंस के बीच की बेशकीमती सरकारी जमीन पर जल्दी ही कामर्शियल और रेसिडेंशियल कांप्लेक्स का काम शुरू होगा। इस जमीन पर सागौन बंगला है, जो स्व. अजीत जोगी का निवास भी है। प्रोजेक्ट में इसे छोड़ा जा रहा है। इससे लगे पीडब्ल्यूडी के दफ्तर और पुराने क्वार्टर वगैरह हैं, जिन्हें तोड़कर साढ़े 5 एकड़ का प्लाट निकाला जाएगा और उसमें निर्माण शुरू होगा।
दरअसल पीडब्ल्यूडी महकमे की राजधानी सहित प्रदेशभर में सैकड़ों एकड़ जगह खाली पड़ी है या उसमें ऐसा निर्माण है जो अनुपयोगी हो चुका है। इन्हीं भूखंडे का व्यावसायिक उपयोग कर विभाग अपनी आय बढ़ाने की तैयारी में है। पीडब्ल्यूडी मंत्री ताम्रध्वज साहू के साथ विभागीय अफसरों की हाल में हुई बैठक में यह फैसला लिया गया था। इसे फ्लोर पर लाया जा रहा है। अफसरों के मुताबिक इस पायलेट प्रोजेक्ट की शुरुआत रायपुर और दुर्ग से की जानी है। लेकिन रायपुर में यह पहले लागू होगा। इसके लिए रायपुर के कटोरा तालाब में विभाग ने साढ़े 5 एकड़ और दुर्ग के कसारीडीह में 16 एकड़ जमीन चिन्हित कर ली है। रायपुर के प्रोजेक्ट में सागौन बंगला इसलिए छोड़ा जा रहा क्योंकि वर्ष 2003 से प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री स्व. जोगी सागौन यहां रहने आए थे, इसलिए उनके परिवार की भावनाएं इसी बंगले से जुड़ी हैं।
सीआरडीसी को प्रोजेक्ट की जिम्मेदारी
पिछली सरकार ने पीडब्ल्यूडी से अलग छत्तीसगढ़ सड़क विकास निगम (सीआरडीसी) का गठन किया था। शहर में बन रहे एक्सप्रेस-वे में गड़बड़ी व लापरवाही के बाद सीआरडीसी को भंग करने की चर्चाएं थीं, लेकिन पीडब्ल्यूडी ने इसी एजेंसी को विभाग की जमीन पर कामर्शियल-रेसिडेंशियल कांप्लेक्स डेवलप करने की जिम्मेदारी दे दी है। इस एजेंसी ने कोरोना काल में मार्केट की स्थिति के सर्वे भी शुरू कर दिया है, ताकि प्रापर्टी बेचने के मामले में निवेशकों का रुख स्पष्ट हो सके।
"पायलेट प्रोजेक्ट के तहत सबसे पहले राजधानी के कटोरातालाब वाले परिसर में कॉमर्शियल व रेसीडेंशियल कांप्लेक्स बनाएंगे। यहां सागौन बंगले को छोेड़कर अन्य हिस्से में नया निर्माण होगा।"
-विजय कुमार भतपहरी, ईएनसी-पीडब्ल्यूडी
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2XLwR0H
via
Comments
Post a Comment