Skip to main content

5 फीट की सुरंग खोद बैंक में घुसे चोर, पर नहीं तोड़ पाए 17 लाख रु. से भरी तिजोरी

जिले के बैंक और एटीएम में चोरी का खतरा मंडराने लगा है। रविवार रात एक बार फिर सरोना के मुड़पार सहकारी बैंक में अज्ञात चोरों ने सुरंग खोदकर चोरी करने का प्रयास किया। वे कैशियर के चैंबर के बाहर बिम के नीचे से खुदाई कर करीब पांच फीट की छोटी सुरंग बना उस कमरे तक पहुंच गए, जहां 17 लाख रुपए से भरी तिजोरी रखी थी। तिजोरी तोड़ पाने में वे सफल नहीं हो पाए। हालांकि उसके हैंडल को तोड़ डाला। सरोना में ही इसके पूर्व भी दो बार एटीएम में चोरी की कोशिश हो चुकी है।सोमवार 15 जून की सुबह जब कर्मचारी बैंक पहुंचे तो कैशियर के कमरे की टाइल्स टूटी नजर आई। वे समझ गए कि बैंक में चोरी की वारदात हुई है। बैंक के सामानों को छुए बिना तत्काल सूचना दुधावा पुलिस को दी गई। पुलिस आने के बाद चला कि चोरों ने बैंक के पिछले हिस्से में कैशियर के चेंबर की बाहरी दीवार के प्लींथ बिम के ठीक नीचे से नींव की ईंट निकाल कमरे में जाने के लिए करीब पांच फीट की छोटी सुरंग बना ली थी। वे चेंबर की फ्लोर टाइल्स को तोड़ चोर बैंक में दाखिल हुए। कैशियर के चेंबर में ही रकम से भरी तिजोरी को तोड़ने कोशिश की। हैंडल तोड़ लिया गया लेकिन तिजोरी तोड़ने में कामयाब नहीं हो सके। तीन दिन पूर्व ही बैंक में 20 लाख रूपए आए थे जिसमें से करीब 17 लाख रूपए इसी तिजोरी में रखे हुए थे।
कैमरे को कपड़े से ढंका, खुद भी मास्क पहना
चोरों ने बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे को कपड़े से ढंक दिया। साथ ही अपना चेहरा छुपा कर अंदर प्रवेश किया। पुलिस ने स्निफर डॉग को बुलवाया जो मुड़पार से सरोना की ओर 200 मी. जाकर रुक गया। मौके से एक टार्च बरामद हुआ है।
लॉकर का हैंडल टूटा,पर रकम नहीं हुई चोरी
दुधावा चौकी प्रभारी रवि साहू ने बताया कि सरोना सहकारी बैंक में दीवार के नीचे से ईंट निकाल चोरी की कोशिश की गई। लॉकर का हैंडल तोड़ा गया है, लेकिन चोरी नहीं हो पाई। पुलिस चोर की तलाश कर रही है।

रेकी करने के बादकिया चोरी का प्रयास
सरोना बैंक में चोरी के लिए जो तरीका अपनाया गया उससे स्पष्ट है कि चोर बैंक भवन के चप्पे चप्पे व वहां के कर्मचारियों से अच्छी तरह वाकिफ है। रेकी के बाद ही चोरी का प्लान बनाया। चोर को पता था दीवार के नीचे किस जगह पर सुरंग बनाने से बैंक के किस हिस्से में निकलेंगे। यह भी पता था कि बैंक का चपरासी रविवार को अवकाश होने के कारण शनिवार शाम घर चला जाता है।

दो दिन से चोरी केप्रयास की आशंका
चौकीदार शनिवार व रविवार दोनों रात बैंक में नहीं था। चोर ने जिस दीवार की ईट निकाली है वहां और भी अतिरिक्त नई ईंट दिखाई दे रही हैं। इससे आशंका है कि चोर वहां दो दिन से कोशिश कर रहा था। पहले दिन ईंट निकालने के बाद उसे वापस ढंकने के लिए आसपास से नईं ईंट लाई गई ताकि किसी को इसका पता नहीं चले। दूसरी रात फिर से चोरी की कोशिश की।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
बैंक में घुसने चोर ने कैशियर चैंबर से लगे दीवार पर लगाई सेंध।


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2ADOxTc
via

Comments