Skip to main content

शहर के अंदर 4 चरणों में बनेगी कांक्रीट सड़क नीचे रोड का काम पूरा होने में लगेंगे डेढ़ महीने

शहर के अंदर नेशनल हाईवे में कांक्रीट सड़क निर्माण चार चरणों में किया जाएगा। पहले चरण में ऊपर नीचे रोड में काम शुरू किया गया है। नेशनल हाईवे विभाग के अनुसार नीचे रोड में चल रहे निर्माण कार्य को पूरा होने में ही डेढ़ महीने का समय लग जाएगा। इसके बाद तीन सप्ताह क्यूरिंग करनी होगी। क्यूरिंग के बाद इस सड़क के चालू होने के बाद ही दूसरे चरण का काम शुरू हो पाएगा, क्योंकि इस सड़क के चालू होने के बाद यहां से वाहनों को डायवर्ट करने के बाद ही नीचे रोड से कोठारी पेट्रोल पंप तक दूसरे चरण का काम शुरू कर पाएंगे। दूसरे, तीसरे तथा चौथे चरण के कार्य के बीच तीन सप्ताह का अंतराल नहीं होगा, क्योंकि इस दौरान ट्रैफिक सेन चौक होकर नीचे मार्ग से डायवर्ट रहेगा।
शहर में ऊपर नीचे रोड से दूधनदी पुल तक एक किमी सीमेंट सड़क बनाने 13 जून को जनप्रतिनिधियों ने भूमिपूजन किया था। इसके बाद पहले चरण में नीचे रोड में 250 मीटर तक चौड़ीकरण का काम शुरू किया गया। नीचे रोड के हिस्से में दस मीटर दायरे में राज परिवार की बाउंड्रीवाल आ रही थी, जिसे राज परिवार की सहमति के बाद तोड़ दिया गया है।
सड़क के दोनों ओर सोल्डर से मिट्टी निकाल सड़क निर्माण शुरू कर दिया गया है। निमार्ण के 14वें दिन तक दस मीटर चौड़ी सड़क में मिट्टी कार्य के साथ ही कांक्रीट सड़क के लिए बेस डाला जा चुका है। नीचे सड़क पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित है। निर्माण कार्य बंद रहने के दौरान दोपहिया वाहन नीचे रोड से आना-जाना कर रहे हैं।
चारपहिया वाहन शहर के बीच मुख्य सड़क से होते हुए उपर रोड से आना-जाना कर रहे हैं। नेशनल हाईवे विभाग के अनुसार अगले सप्ताह तक इसमें कांक्रीट कार्य शुरू कर दिया जाएगा। कांक्रीट पूरा होने के बाद 21 जुलाई तक क्यूरिंग की जाएगी। इस दौरान मार्ग पूरी तरह बंद रहेगा।
नीचे रोड में सड़क बनने के बाद ही दूसरा चरण का काम शुरू होगा : नेशनल हाईवे विभाग के एसडीओ संतोष नेताम ने बताया कुल चार चरणों में सीमेंट कांक्रीट सड़क निर्माण होगा। पहले चरण में नीचे रोड में काम चलेगा। यहां सड़क बनने के बाद 21 दिन क्यूरिंग होगी। नीचे रोड के चालू होने के बाद ही दूसरे चरण का कार्य शुरू हो पाएगा।

नीचे रोड चालू होने के बाद शुरू होगा दूसरा चरण
नीचे रोड चालू होने के बाद ही दूसरे चरण का नीचे रोड के छूटे हिस्से से कोठारी पेट्रोल पंप तक का कार्य शुरू किया जाएगा। दूसरे चरण की सड़क बनने के बाद भी 21 दिन क्यूरिंग की जाएगी, लेकिन यहां क्यूरिंग कार्य शुरू होने के तुरंत बाद ही तीसरे चरण यानी पेट्रोल पंप से गिल्ली चौक तक का कार्य शुरू हो जाएगा।

10 मीटर चौड़ी होगी हाईवे की सड़क
हाईवे सड़क चौड़ीकरण के लिए 2 जून को नापजोख शुरू करने के साथ नोटिस भेजना शुरू किया था। सीसी सड़क बनाने 10 मीटर तक मार्किंग की है। सड़क कुल 10 मीटर चौड़ी होगी, लेकिन जहां 10 मीटर जगह नहीं मिल पाएगी वहां जितनी जगह मिलेगी उतने में ही सड़क बनाई जाएगी। सड़क के दोनों ओर चार-चार मीटर फुटपाथ व नाली के लिए जगह की जरूरत होगी।

निर्माण के दौरान शहर के रुट होंगे डायवर्ट
शहर में होने वाले अगले तीन चरणों के कार्य मेनरोड में होने से सबसे ज्यादा शहर का ट्रैफिक प्रभावित होगा। इस दौरान शहर के रुट डायवर्ट किए जाएंगे। दूसरे चरण का कार्य शुरू होने से पहले नीचे रोड चालू हो जाएगी। भारी वाहनों को कचहरी चौक से सेन चौक होते नीचे रोड से रवाना करने की योजना है। तीसरे व चौथे चरण के कार्य के दौरान जगदलपुर से आने वाले भारी वाहन शहर में प्रवेश नहीं करेंगे। वे ज्ञानी चौक से मिनी बाईपास होते रायपुर रवाना होंगे।
बिजली खंभे शिफ्टिंगकार्य अब तक शुरू नहीं
नेशनल हाईवे विभाग ने दस मीटर में कांक्रीट सड़क कार्य शुरू कर दिया है, लेकिन चौंड़ीकरण के इस कार्य के साथ ही बिजली खंभे शिफ्टिंग कार्य भी होना है। खंभा शिफ्टिंग कार्य अब तक शुरू नहीं हो पाया है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Concrete road will be constructed in 4 stages inside the city; Road work will take one and a half months to complete


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2BHhIVA
via

Comments