Skip to main content

आरटीओ के नाम पर वसूली करने वाले 4 गिरफ्तार

प्राइवेट वाहन में पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश के शहडोल संभाग के आरटीओ प्रभारी उड़नदस्ता का बोर्ड लगाकर छत्तीसगढ़ में वाहन चालकों से कागजात में खामी बताकर अवैध उगाही करने वाले 5 में से 4 आरोपियों को मनेंद्रगढ़ पुलिस ने हिरासत में लिया है, जबकि एक मुख्य आरोपी को छोड़ दिया। इसे लेकर कई सवाल उठ रहे हैं।
मध्यप्रदेश के अनूपपुर रामनगर थानांतर्गत राजनगर बाजार दफाई निवासी 45 वर्षीय आनंद प्रसाद पिता सियाशरण चाैधरी ने 18 जून को मनेंद्रगढ़ थाने में इस आशय की रिपोर्ट दर्ज कराई कि प्राइवेट वाहन नंबर एमपी 17 सीबी 6679 में आरटीओ उड़नदस्ता का बोर्ड लगाकर 5 लाेग सिद्धबाबा घाटी मंदिर के पास आने-जाने वाले वाहनों से वसूली कर रहे हैं। उसने बताया कि उससे भी गाड़ी के कागजों में खामी बताकर 1 हजार रुपए वसूला गया है। रिपोर्ट पर केस दर्ज कर विवेचना में लिया गया। मनेंद्रगढ़ थाना प्रभारी सचिन सिंह के नेतृत्व में टीम ने प्रार्थी को साथ लेकर उक्त वाहन की पतासाजी की। नागपुर पुलिस चौकी के पास उक्त वाहन को आते देखकर उसे घेराबंदी कर रोका। वाहन में 4 लोग बैठे थे। रिपोर्टकर्ता ने उन्हें देखकर पहचान लिया। पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपना नाम अनिश गुप्ता पिता श्यामबाबू 23 वर्ष रतहरा आरटीओ ऑफिस के पीछे रीवां (मप्र), उमेश कुमार सेन पिता रामसिया 24 वर्ष नेहरू नगर मप्र, विष्णु सिंह पिता महेश 21 वर्ष शहडोल सुहागपुर (मप्र) व मनीष नामदेव पिता मिठाई लाल 37 वर्ष सुहागपुर शहडोल (मप्र) होना बताया। पुलिस ने आरोपियों के पास से बोलेरो वाहन के साथ 2 नग वर्दी, बेल्ट, टोपी और नगदी रकम जब्त की है। आरोपियों द्वारा जुर्म स्वीकार स्वीकारने पर उक्त प्रकरण में गिरफ्तार कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
मामले में आरोपी 5 लेकिन पुलिस ने 4 की पुष्टि की
शिकायतकर्ता से सभी 5 आरोपियों की शिनाख्त भी गई, जबकि पुलिस 4 की ही पुष्टि कर रही है। नागपुर चौकी प्रभारी सुबल सिंह का कहना है कि मेरे ख्याल से वाहन में 3 या 4 लोग ही सवार थे। मामला मनेंद्रगढ़ का था, इसलिए उन्होंने इस विषय पर ध्यान नहीं दिया। पांचवें आरोपी उड़नदस्ता प्रभारी आनंद सिंह के विषय में मनेंद्रगढ़ पुलिस का कहना है कि आनंद ने पूछताछ में उन्हें बताया कि वह वाहन में सवार नहीं था। छुट्टी में अंबिकापुर जा रहा था। इस बीच पकड़े गए आरोपियों ने फोन कर उनसे कहा कि नागपुर पुलिस ने उन्हें पकड़कर वाहन को जब्त किया है। इसके बाद वह नागपुर पहुंचे हैं। उसने यह भी बताया कि चारों आरोपी उसके कर्मचारी हैं और उन्होंने ने ही चारों को वर्दी उपलब्ध कराई है।

पांचवें आरोपी की मंगवाई जानकारी: थाना प्रभारी
पूरे मामले में मनेंद्रगढ़ थाना प्रभारी सचिन सिंह का कहना है कि 4 लोगों की पुष्टि हुई है, पांचवें का नाम आ रहा है। उसके संबंध में आरटीओ विभाग से जानकारी ली गई है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3dctl3S
via

Comments