सोमवार शाम कांकेर शहर में एक और कोरोना मरीज पाया गया। इसके अलावा गढ़पिछवाड़ी में भी गर्भवती कोरोना पॉजिटिव के प्राइमरी संपर्क में आने वाला युवक भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया। इसके पूर्व रविवार रात बीएसएफ के दो और जवान कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। दोनों जवान अंतागढ़ बीएसएफ कैंप के हैं। अब तक जिले में बीएसएफ के कुल 17 जवान कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। जवानों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने से कैंपों में हड़कंप मचा हुआ है। जिले के और भी कैंपों से जवानों के सैंपल लिए गए हैं जिनकी रिपोर्ट नहीं आई है। ये सभी जवान छुट्टी से वापस आए हैं। उन्हें क्वारेंटाइन किया है। अब तक कोरोना के कुल 49 मरीज मिल चुके हैं जबकि एक्टिव केस अभी 22 हैैं।
सोमवार शाम 7 बजे आई रिपोर्ट में कांकेर शहर के बीच जिला अस्पताल के पास श्यामानगर में एक युवक कोरोना पॉजिटिव पाया गया। बताया गया की उक्त युवक कुछ दिनों पहले ही उत्तरप्रदेश से अन्य चार के साथ आया था तथा जांच के बाद घर पर ही होम आइसोलेशन में था। इसके अलावा शहर से 4 किमी दूर गढ़पिछवाड़ी में भी एक युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई। उक्त युवक हाल ही में गांव में पॉजिटिव पाई गई गर्भवती महिला के प्राइमरी संपर्क में आया था। रविवार 28 जून की रात आई कोरोना मरीजों की सूची में अंतागढ़ स्थित बीएसएफ कैंप के 28 तथा 47 साल के दो जवानों के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि की गई। एक जवान भिलाई होते हुए 14 जून को और दूसरा भी बिहार से भिलाई होते 19 जून को अंतागढ़ पहुंचा था। दोनों को बाहर से आए अन्य जवानों के साथ हायर सेकेंडरी स्कूल अंतागढ़ में क्वारेंटाइन कर रखा गया था।
पखांजूर तहसील में सबसे अधिक मरीज
जिले में अब तक मिले कोरोना पॉजिटिव में पखांजूर तहसील में सबसे अधिक मरीज हैं। यहां 26 मई को पहला मरीज पाया गया था। एक महीने में मरीजों की संख्या 16 हो गई है। दूसरे स्थान पर दुर्गूकोंदल जहां अब तक 11 मरीज पाए गए हैं। अंतागढ़ में 7, कांकेर में 6, भानुप्रतापपुर में 3 तथा नरहरपुर व चारामा में दो-दो मरीज पाए गए हैं।
इसी क्वारेंटाइन सेंटर में पहले भी मिल चुके हैं मरीज
23 जून को अंतागढ़ में इसी क्वारेंटाइन सेंटर में पांच जवान कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। इसमें भी तीन पश्चिम बंगाल तथा दो बिहार के थे। 23 जून को ही बांदे कैंप में बीएसएफ के 10 जवान पाजिटिव पाए गए थे। जवानों के पॉजिटिव होने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वे यात्रा के दौरान बाहर से ही संक्रमित होकर यहां पहुंचे या फिर किसी के संक्रमण के चलते बाकी जवान उसके चपेट में आ गए।
जिले के चार ब्लॉक रेड जोन में
स्वास्थ्य विभाग द्वारा 29 जून को जारी रेड, ऑरेंज, ग्रीन जोन की सूची में जिले के 7 में चार विकासखंड कांकेर, अंतागढ़, दुर्गूकोंदल व कोयलीबेड़ा रेड जोन में हैं। भानुप्रतापपुर, चारामा व नरहरपुर ऑरेंज जोन में हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2YIKJJn
via
Comments
Post a Comment