Skip to main content

गाेलबाजार का अंदरूनी हिस्सा भी कंटेनमेंट जोन, मरीज बढ़े इसलिए शहर में रोजाना 450 का टेस्ट

राजधानी में बेहद संकरी गलियों और सबसे ज्यादा भीड़ वाले गोलबाजार के अंदरूनी हिस्से को एक दुकानदार के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद कंटेनमेंट जोन बनाते हुए सील कर दिया गया है। यही नहीं, शहर में मिले 7 मरीज घनी आबादी वाले इलाकों से निकले हैं। इनमें मौदहापारा के एक होटल में क्वारेंटाइन व्यक्ति, पेंशनबाड़ा, राजेंद्रनगर, अवंति विहार कचना और फाफाडीह की रूपरेला गली से एक-एक व्यक्ति संक्रमित पाए गए हैं। तीन-चार दिन से घने घने इलाकों में कोरोना मरीज मिलने की वजह से सरकारी एजेंसियों ने रायपुर में कोरोना जांच बढ़ाने का फैसला लिया है। अब केवल शहरी इलाके में रोजाना 450 सैंपल लेकर जांचे जाएंगे। इसकी शुरुआत मंगलवार को सब्जी और फल दुकानदारों के सैंपल लेने के साथ होगी।
रायपुर जिले में सोमवार को 11 नए केस मिले हैं। इनमें रायपुर के 7 लोगों के अलावा लगे हुए अभनपुर में 3 मरीज सामने आए हैं। तीनों ही वहां सेलून चलाते हैं, इसलिए वहां भी सनसनी है। इसके अलावा खरोरा का एक प्रवासी मजदूर संक्रमित मिला है। लेकिन गोलबाजार में कोरोना का मरीज मिलने से लोगों की चिंता बढ़ गई है क्योंकि तकरीबन पूरा शहर वहां जाता है। घनी आबादी के बीच बाजार है और दुकानें छोटी-छोटी तथा एक-दूसरे से लगी हुई हैं। हेल्थ विभाग की टीमें पता लगा रही हैं कि संक्रमित दुकानदार के संपर्क में कितने लोग आए होंगे। सभी के सैंपल लिए जाएंगे। इस बीच, प्रशासन ने गोलबाजार को कंटेनमेंट जोन बनाते हुए सील करने की प्रक्रिया देर रात शुरू कर दी।
शहर के 11 लोगों की छुट्टी
सोमवार को राजधानी के 11 कोरोना संक्रमितों की स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से छुट्टी कर दी गई है। रायपुर के अब तक 115 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 108 अस्पताल में भर्ती हैं। एक युवक की मृत्यु हुई है, जो बिरगांव का था। नेहरू मेडिकल कॉलेज में हड्‌डी रोग विभाग के एचओडी डॉ. एस फुलझेले व माइक्रो बायोलॉजी विभाग के एचओडी डॉ. अरविंद नेरल ने बताया कि लॉकडाउन में छूट के बाद मरीज बढ़ रहे हैं, इसलिए लोगों को अब ज्यादा एहतियात की जरूरत है।

बिरगांव बाजार में आज 100 सैंपल से शुरुआत
बिरगांव के सब्जी-फल बाजार में अलग-अलग कारोबार से जुड़े 100 लोगों के सैंपल लेकर मंगलवार को सुबह इस मुहिम की शुरुआत की जाएगी। हेल्थ विभाग शहर में रोजाना 450 और जिले में 900 सैंपल रोज लेगा। इनमें से 80 सैंपल ऐसे लोगों के होंगे, जिनमें कोरोना के लक्षण जैसे सर्दी-खांसी और बुखार की शिकायत होगी। इसके अलावा सब्जी और फल बेचने वाले 50 लोग, किराना-डेली नीड्स वाले 50 दुकानदार, ट्रक चालक- मैकेनिक 40, ऑटो रिक्शा तथा अन्य ड्राइवर 50, ट्रैफिक पुलिस और फील्ड ड्यूटी वाले कर्मचारी 40, प्राइवेट क्लीनिक-प्रैक्टिशनर और मेडिकल स्टोर्स से जुड़े 60, एयरपोर्ट-स्टेशन में तैनात हेल्थ वर्कर 30, पाजिटिव केस वाले इलाके में रैंडम 30, बफर जोन में रैंडम 40 और अस्पतालों में गंभीर हालत में भर्ती 80 लोगों के सैंपल रोजाना लिए जाने हैं।
रोज 900 टेस्ट से नियंत्रण
सीएमएचओ मीरा बघेल ने बताया कि अलग-अलग कैटेगरी में रोजाना टेस्ट होने से संक्रमण के फैलाव को रोका जा सकता है। ऐसे कई मामले आए हैं जिनमें जांच में देरी होने से संक्रमण कई जगह फैल चुका होता है। रोजाना 900 टेस्ट होने से हालात नियंत्रित होने की उम्मीद है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2CwHrAy
via

Comments