Skip to main content

गीदम में 44 किमी बिछेगी पाइपलाइन, जारी होगा टेंडर

सालों से अटका पड़ा छिंदनार इंद्रावती पेयजल प्रोजेक्ट गीदम के लिए शुरू हो गया है। अब शहर के हर घर को नल कनेक्शन देने का भी काम होगा। इसके पहले नए सिरे से गीदम में 44 किमी पाइपलाइन बिछाई जाएगी। यह प्रोजेक्ट पूरे 9 करोड़ रुपए का है। एक बार टेंडर होने के बाद निरस्त हुआ। अब दोबारा टेंडर की प्रक्रिया चल रही है। सब कुछ समय पर हुआ तो माना जा रहा है बारिश के पहले काम की शुरुआत हो सकती है। इतना ही नहीं अब नल कनेक्शन के लिए भी मनाही नहीं होगी, बल्कि पानी भरपूर रहने पर अब नए नल कनेक्शन बढ़ने की उम्मीद है।
गर्मी में नए नल कनेक्शन देने पर पाबंदी थी, जो अब हटाई जा सकती है। अब तक सिर्फ 846 नल कनेक्शन ही हैं। नगर पंचायत अध्यक्ष साक्षी सुराना ने कहा कि प्राथमिकता शहर के पेयजल संकट को दूर करने की रही है। शहर में नए सिरे से पाइपलाइन बिछाने का काम होगा। पहले पानी की समस्या थी, लेकिन अब छिंदनार प्रोजेक्ट शुरू हो गया है। ऐसे में पाइपलाइन बिछाकर हर घर में नल कनेक्शन दिया जाएगा।

मुख्य शहर ही नहीं गलियों से भी गुजरेगी पाइपलाइन
इस प्रोजेक्ट के लिए मुख्य शहर के अलावा शहर के हर गली- मोहल्ले से पाइपलाइन गुजरेगी। ऐसे में पाइपलाइन बिछाने से पहले नगर पंचायत ठोस रणनीति बनाएगी, ताकि बिना किसी विवाद के समय पर काम हो सके। इन सबके अलावा पेयजल प्रोजेक्ट के लिए अटल आवास के पास की ओवर हेड टैंक में इंद्रावती नदी का पानी भेजने भी मुख्य सड़क से ओवरहेड टैंक तक पाइपलाइन बिछेगी। इससे वार्ड 14 व 15 में पेयजल की समस्या को दूर करने की कोशिश होगी।
यहां सबसे ज्यादा समस्या
शहर में पेयजल की सबसे ज्यादा समस्या वार्ड 1, 2, 3, 14, 15 में है, क्योंकि यहां अधिकांश जगह पाइपलाइन ही नहीं है। लोग टैंकर पर ही निर्भर हैं। इंद्रावती पेयजल प्रोजेक्ट और 44 किमी पाइपलाइन बिछाकर हर घर नल कनेक्शन देकर आने वाले डेढ़ साल में गीदम को टैंकर मुक्त शहर बनाने का दावा है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2Y3wfm4
via

Comments