Skip to main content

जिनका बिजली बिल आता था दो सौ, उनका आया 35 हजार

ठेकेदार द्वारा काम छोड़ देने से साल भर से शहर में स्पाट बिलिंग का काम बंद है। मार्च में कोरोना संक्रमण के चलते लॉकडाउन लगने से बिजली कंपनी के रीडर उपभोक्ताओं के घर पहुंच मीटर रीडिंग भी नहीं ले पाए। अंदाज से औसत बिल भेजा रहा है। अधिक बिल आने से उपभोक्ताओं को भुगतान करने में परेशानी हो रही है। हालत यह है कि जिनका बिल दो-तीन सौ आया करता था, उनका 35 हजार का आ गया है।
शहर में कई उपभोक्ता ऐसे हैं जिनका इस माह अनाप शनाप बिल आया है। आए दिन उपभोक्ता शिकायत करने बिजली कार्यालय पहुंच रहे हैं। शिकायत करने वालों ने कहा कि उनका इतना ज्यादा बिजली बिल कभी नहीं आया है। शहर से सटे ग्राम कोदाभाठ की दंतेश्वरी नेताम का बिल 37,500 रूपए आया है। बिजली बिल सुधार कराने पहुंची दंतेश्वरी नेताम ने कहा कि उनके घर बिजली बिल सामान्यत: 200 से 500 रूपए महीना आता है। इतना ज्यादा बिल भेजने से पूरा परिवार परेशान है।
एकता नगर के योगेंद्र रामटेके ने कहा कि उनके घर बिजली बिल 14,160 रूपए आया है। महीने में औसतन बिल 300 से 400 आता था। विभाग को बिल में सुधार करना चाहिए। जवाहर वार्ड की तरन्नुम ने कहा उसके मां के नाम बिजली बिल 4,100 आया है। उनके घर कभी इतना ज्यादा बिल नहीं आया।

स्पॉट बिलिंग में नहीं होता था उपभोक्ताओं से विवाद
दिल्ली गुडगांव के ठेकेदार को स्पॉट बिजली बिल का ठेका मिला था जिसने मात्र तीन माह काम करने के बाद काम छोड़ दिया। स्पॉट बिजली बिल में तुरंत रीडिंग लेकर उपभोक्ता को बिल दिया जाता है इससे उपभोक्ता को पता चल जाता है कि उसकी कितनी यूनिट खपत हुई है। स्पॉट बिलिंग में विवाद भी कम होता है। नया ठेका अब तक किसी को नहीं दिया गया है इस कारण उपभोक्ताओं को मेनुअल बिल भेजा जा रहा है। अप्रैल में कोरोना तथा लॉकडाउन मेंरीडिंग लेने का काम नहीं हो पाया।

ऐसे लोग भी आ रहे जिनके बिल में कोई त्रुटि नहीं
कांकेर बिजली उपसंभाग के सहायक यंत्री एलएन कंवर ने कहा कि जिनके बिजली बिलों में त्रुटि पाई जा रही है या बिजली बिल बहुत ज्यादा आया है, शिकायत मिलने पर परीक्षण करने बिलों में सुधार किया जा रहा है। बहुत से उपभोक्ता बिलों में त्रूटि नहीं होने के बावजूद अनावश्यक रूप से भी शिकायत करने पहुंच रहे हैं, जिनके बिलों में सुधार करना संभव नहीं है। लॉकडाउन के चलते अप्रैल माह में रीडिंग नहीं ले पाए थे लेकिन अब रीडिंग लेने का काम शुरू हो गया है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3hckse1
via

Comments