Skip to main content

संकटकाल में खेती करने 243 करोड़ का कर्ज ले चुके हैं किसान

कोरोना वायरस की वजह से संक्रमण का खतरा बना हुआ है। इससे हर कोई प्रभावित है। इधर जिले के किसानों ने अनलॉक 1.0 में थोड़ी छूट मिलने के बाद खेती की तैयारी शुरू कर दी है। खाद-बीज का भंडारण किया जा रहा है। खेतों की सफाई के साथ ही मेड़ तैयार किए जा रहे हैं। हालांकि उन गांवों में कृषि कार्य चौपट है जहां पर कोरोना के पॉजिटिव केस सामने आए हैं। इन गांवों के किसानों को संक्रमितों के स्वस्थ्य होने तक संपूर्ण लॉकडाउन का पालन करना होगा। जिले के किसानों ने कोरोना संकट काल में ही 243 करोड़ रुपए का कर्ज ले लिया है। अभी सैकड़ों किसान कृषि ऋण लेने बचे हुए हैं।
पहली बार जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक ने ऋण वितरण का 85 प्रतिशत टारगेट अभी से ही पूरा कर लिया है। 550 करोड़ रुपए वितरण का लक्ष्य दिया गया है। बताया गया कि 30 सितंबर तक वितरण करना है। अब तक 66 हजार 848 किसानों ने ऋण लिया है। इसी अवधि में गत वर्ष 26 हजार 771 किसानों को ही ऋण जारी हुआ था।

खाद वितरण में नंबर एक पर है जिला
खाद वितरण और भंडारण में भी जिला प्रदेश में नंबर वन पर चल रहा है। इस बार किसानों को खाद लेने में दिक्कत न हो, इसके लिए 89 सोसाइटियों के माध्यम से 178 खाद वितरण केन्द्रों को विधानसभा वार बांटा गया। इस हिसाब से खाद वितरण शुरू किया गया है। जिले में 63 हजार टन खाद का भंडारण करना है। इसमें 54 हजार 953 टन का भंडारण कर चुके हैं। 39 हजार 580 टन खाद का वितरण कर चुके हैं। हाल ही में यूरिया और डीएपी खाद की कमी भी सामने आई थी।
दो दिन तक रहा खाद का संकट
दो दिन पहले ही रैक आने के बाद समस्या दूर हुई। इसी तरह किसान बीज की खरीदी भी तेजी से कर रहे हैं। हालांकि पहली मानसूनी बारिश के बाद इसमें और बढ़त होगी। 22 हजार 960 क्विंटल का बीज का भंडारण हो चुका है। इसमें 15 हजार 47 क्विंटल खाद का उठाव किसान कर चुके हैं। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के सीईओ सुनील कुमार ने बताया कि कोरोना का संकट है पर किसान तैयारी में जुट गए हैं। खाद का लगातार उठाव हो रहा है। मानसूनी बारिश के बाद इसमें और तेजी आ जाएगी।

18 हजार नए किसान जुड़े
कृषि विभाग और जिला सहकारी बैंक की ओर से सोसाइटियों में नए किसानों को जोड़ने अभियान भी चलाया गया है। ऋण माफी योजना से प्रभावित होकर कई किसान सोसाइटियों से जुड़ रहे हैं। हालांकि इस योजना के तहत सरकार ने एक बार ही किसानों को लाभ दिया। 18 हजार नए किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड जारी किया गया है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Farmers have taken a loan of 243 crores to do agriculture during the crisis


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2YhGkfo
via

Comments