प्रदेश में कोरोना संक्रमित मरीजों के आंकड़ा 14 सौ के पार पहुंच गया है। साथ ही जिले में लगातार कोरोना पॉजिटिव मिल रहे हैं। यहां से अब तक 169 केस सामने आ चुके हैं। ज्यादा मरीजों के मामले में जिला प्रदेश में पहले स्थान पर है। पॉजिटिव मरीजों से क्वारेंटाइन सेंटर में सामुदायिक संक्रमण का दौर भी शुरू हो गया है। शहर में बने 100 बिस्तर के कोविड-19 हॉस्पिटल (ईएसआईसी) में एक सप्ताह के भीतर ही बेड फुल हो गए। इसके बाद प्रशासन ने नए कोरोना मरीजों के लिए शहर के सृष्टि व ओरियंटल नर्सिंग कॉलेज में 50-50 बिस्तर की व्यवस्था की। हालांकि जिस रफ्तार से पॉजिटिव केस मिल रहे हैं उससे जिले में संक्रमितों की संख्या 3 सौ से पार जाने की आशंका है। इसे देखते हुए प्रशासन ने जिले में कोरोना मरीजों के लिए 5 सौ से अधिक बिस्तर की तैयारी कर ली है। इसके लिए स्याहीमुड़ी में बने एजुकेशन हब को नया कोविड-19 हॉस्पिटल बनाया जा रहा है। जहां करीब 2 सौ बेड लगाने की तैयारी चल रही है।
उपक्रमों के अस्पतालों की भी मिल रही मदद
जिले में एक ओर जहां कोरोना संक्रमित मरीजों के इलाज के लिए ईएसआईसी के अस्पताल भवन को प्रशासन ने कोविड-19 हॉस्पिटल बनाया है तो संदिग्ध मरीजों को रखने और इलाज के लिए एनटीपीसी, एसईसीएल की मदद मिल रही है। जिनके अस्पतालों के आधे हिस्से में आइसोलेशन वार्ड तैयार किया गया है। जिला अस्पताल परिसर में स्थित ट्रामा सेंटर में भी आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है। पहले शासकीय अस्पतालों व भवनों में कोविड-19 हॉस्पिटल की तैयारी है। इसके बाद निजी अस्पतालों के आइसोलेशन वार्ड का भी उपयोग किया जा सकता है।
इमरजेंसी के लिए मेडिकल टीम हो रही तैयार
राज्य शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा 5 सौ से अधिक कोविड-19 बेड के विशेष अस्पताल की तैयारी चल रही है। इसके बाद कोरबा समेत पड़ोस के जांजगीर-चांपा व जशपुर जिले में मिलने वाले नए मरीजों को इन अस्पतालों में रखकर इलाज किया जाएगा। जिस तरह कोविड-19 हॉस्पिटल ईएसआईसी में चल रहा है। जहां प्रशिक्षित स्टाफ लगा है। इसके बाद अन्य विशेष हॉस्पिटल के लिए मेडिकल टीम की जरूरत पड़ेगी। इसलिए कोरबा समेत उक्त दोनों जिलों से डॉक्टर, टेक्नीशियन व नर्सिंग स्टॉफ को प्रशिक्षण देकर तैयार किया जा रहा है।
17 सौ से अधिक लोगों की रिपोर्ट आना बाकी
जिले में बनाए गए 166 क्वारेंटाइन सेंटरों में अब तक करीब 7 हजार लोगों को ठहराया जा चुका है। जिनमें से 6359 लोगों की कोरोना जांच के लिए सैंपल भेजा जा चुका है। जिसमें अब तक 4641 सैंपल की जांच रिपोर्ट आ चुकी है। जिसमें 134 पॉजिटिव और 4507 निगेटिव है। बाकी 17 सौ से अधिक लोगों की जांच रिपोर्ट आना बाकी है। पिछले 20 दिनों के भीतर ही जिले में सौ से अधिक केस मिले हैं। इसलिए तैयारी चल रही है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3hnaZ3k
via
Comments
Post a Comment